लाइव डीजे व होली के गीतों पर जमकर थिरके लोग
● निक्को पार्क में सिल्वर क्रिएशंस एंड तुषार इवेंट का आयोजन
जमशेदपुर : सिल्वर क्रिएशंस एंड तुषार इवेंट द्वारा निक्को जुबिली पार्क के स्प्लैश जोन (वॉटर पार्क) में आयोजित होली महोत्सव रंगों, संगीत और उत्साह के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया और जमकर होली का आनंद उठाया. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई. सर्वप्रथम डीएलसी अरविंद कुमार, समाजसेवी सुमित शर्मा, सुमित श्रीवास्तव, आयोजक तुषार दास गुप्ता एवं पंकज शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
उसके बाद कार्यक्रम में रेन डांस, लाइव डीजे (डीजे पवन प्रतिक एवं डीजे मोनू), पंजाबी ढोल और नॉन-स्टॉप बॉलीवुड म्यूजिक ने माहौल को पूरी तरह रंगीन बना दिया. एंकर समिता राउत ने अपनी ऊर्जा और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को पूरे समय बांधे रखा. डांस और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अतिथि अरविंद कुमार, सुमित शर्मा, सुमित श्रीवास्तव, आग़ाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, हिमांशु सिंह, चंचल भाटिया, आरव सागर, जगप्रीत सिंह एवं जगजीत सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
महोत्सव में ऑर्गेनिक रंगों की व्यवस्था, स्वादिष्ट फूड स्टॉल्स, फ्री फूड एवं सॉफ्ट ड्रिंक्स, वीआईपी सेक्शन और सेल्फी बूथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे. आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. बाहर से रंग लाने पर रोक और नशे के उपयोग पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया गया, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ. कार्यक्रम को सफल बनाने में तुषार दास गुप्ता, पंकज शर्मा, मनीषा भुइयां, सुमित मिश्रा आदि का सहयोग रहा.
