लोयोला स्कूल, टेल्को और मर्सी स्कूल ऑफ नर्सिंग को मिला अल्पसंख्यक का दर्जा
जमशेदपुर : लोयोला स्कूल, टेल्को और मर्सी स्कूल ऑफ नर्सिंग, बारीडीह को भारत सरकार के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग (एनसीएमईआई) द्वारा औपचारिक रूप से अल्पसंख्यक दर्जा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया. फादर जेरी डिसूजा, प्रशासक एवं कोषाध्यक्ष, ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में आयोग के चेयरमैन शाहिद अख़्तर से लोयोला स्कूल, टेल्को की ओर से अल्पसंख्यक दर्जा प्रमाणपत्र प्राप्त किया. यह मान्यता संस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को दोहराती है.
इसी अवसर पर मर्सी स्कूल ऑफ नर्सिंग, बारीडीह की प्राचार्या सिस्टर ग्रेस को भी नर्सिंग स्कूल के लिए अल्पसंख्यक दर्जा प्रमाणपत्र प्रदान किया गया. राष्ट्रीय अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान आयोग अधिनियम, 2004, अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थान को ऐसे संस्थान के रूप में परिभाषित करता है, जिसे किसी अल्पसंख्यक समुदाय द्वारा स्थापित और संचालित किया जाता है. ज्ञात हो कि अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम के कई प्रावधानों से महत्वपूर्ण छूट भी प्राप्त होती है. ये संस्थान धारा 12(1)(सी) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 25 प्रतिशत आरक्षण का पालन करने के लिए बाध्य नहीं होते, न ही इन्हें पड़ोस-आधारित प्रवेश नियमों का पालन करना आवश्यक होता है, और ये अपने समुदाय के छात्रों को प्राथमिकता दे सकते हैं.

