मानगो निवासियों के लिये 5 रु. में भोजन उपलब्ध
सरयू ने किया श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम का शुभारंभ
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा के विधायक सरयू राय ने शनिवार को मानगो नगर निगम क्षेत्र में जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए ‘श्री बालाजी अन्नपूर्णा चलंत मध्याह्न भोजन कार्यक्रम’ का शुभारंभ मानगो, डिमना रोड, आदर्श नगर में शिव मंदिर के समक्ष किया. यहां अब प्रत्येक दिन दोपहर में चलंत भोजनालय से लोगों को भोजन उपलब्ध होगा. चलंत वाहन की व्यवस्था विधायक सरयू राय ने अपनी विधायक निधि से किया है जबकि भोजन वितरण और भोजन की व्यवस्था स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के द्वारा की जा रही है.
शनिवार होने के कारण मध्याह्न भोजन में खिचड़ी, चोखा, पापड़ और आचार परोसा गया. कुल 126 लोगों ने प्रथम दिन भोजन ग्रहण किया. इस अवसर पर श्री राय ने कहा कि प्रत्येक दिन अलग अलग मेन्यू के अनुसार लोगों को चावल, दाल, कढ़ी, सब्जी, आचार आदि परोसा जाएगा. उन्होंने कहा कि चलंत भोजन वाहन में स्वच्छता का पूरा ख्याल रखते हुए भोजन परोसा जा रहा है. भोजन करने वाले लोगों ने मध्याह्न भोजन योजना की काफी सराहना की. इस अवसर पर स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह और डॉ. संतोष गुप्ता, मानगो नगर निगम क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह, जदयू के महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह, नित्यानंद सिन्हा, सतीश सिंह, अमृता मिश्रा, बिनोद राय, रविन्द्र सिंह सिसोदिया, राजीव सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नु सहित अन्य मौजूद थे.
