March 1, 2026

मेयर बनने पर सुधा ने बन्ना संग मंदिरों में टेका मत्था, मांगा आशीर्वाद

IMG-20260301-WA0002

मानगो से कदमा तक निकली भव्य आभार यात्रा, कार्यकर्ताओं ने जमकर की नारेबाजी

जमशेदपुर : मानगोवासियों के समर्थन से मेयर पद पर दमदार विजय प्राप्त करने के उपरांत आज नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता आभार यात्रा निकाली. डिमना अविनाश नगर से शुरु होकर उक्त विजय जुलूस में पार्टी के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह व काफी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए. पूरे मानगो क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और जिंदाबाद के नारों के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व का जश्न मनाया गया. खुली जिप्सी में बन्ना गुप्ता और सुधा गुप्ता अपने समर्थकों के साथ करीब दोपहर 1 बजे शिरोमन नगर स्थित भगवान शिव मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना की. उसके बाद डिमना रोड होते हुए बड़ा हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की. तत्पश्चात पारडीह काली मंदिर में आराधना कर पुजारी बाबा से आशीर्वाद लिया. इसके बाद ओल्ड पुरुलिया रोड होते हुए साकची पहुंच शिव मंदिर में पूजा की, फिर कदमा रंकिनी मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया. जुलुस कदमा आवास पर जाकर खत्म हुआ.
इस अवसर पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, मानगो की हर मां-बहन, हर युवा, हर बुजुर्ग और हर मेहनतकश नागरिक की है. उन्होंने जो विश्वास मुझ पर जताया, वे उसे विकास, पारदर्शिता और सेवा के माध्यम से सार्थक बनाएंगी. उनका लक्ष्य स्वच्छ, सुरक्षित, शिक्षित और समृद्ध मानगो का निर्माण है. सुधा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में समान विकास होगा, महिलाओं की सुरक्षा और युवाओं के रोजगार के लिए ठोस पहल की जाएगी तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी. बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्होंने विकास कार्य को अपना मुद्दा बनाया जिसे जनता ने स्वीकार कर प्रचंड जीत दी है. अब विकास कार्य को सुधा गुप्ता जी गति देंगी ताकि बेटर और ग्रेटर मानगो का निर्माण हो सके.

सुधा-नौशीन के घर पहुंचे विजय, दी शुभकामनाएं
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव विजय खां ने मानगो की नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता के विजय जुलूस सह आभार यात्रा में शामिल होकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी. साथ ही जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान के आवास पर पहुंच कर उनके शौहर झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदयातुल्लाह खान को भी बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने दोनों निर्वाचित सदस्य से यह भी कहा कि वे जनता से किए हुए सभी वादों को पूरा करेें और विकास के कार्य को जन जन तक पहुंचेंगे.

परविंदर ने मानगोवासियों को दी बधाई
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि मानगो नगर निगम के मेयर पद पर सुधा गुप्ता को भारी मतों से जीत दिलानेवाले मानगोवासियों का आभार जताया. कहा कि मानगोवासी अपने मेयर को वैचारिक रूप से सहयोग करें और मानगो के मूलभूत जन-समस्याओं पर अपना विचार अवश्य रखें. इससे क्षेत्र का विकास, सुदृढ़ मानगो, स्वच्छ मानगो अवश्य बनेगा. उन्होंने मानगो के नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों को भी शुभकामनाएं दी है.