February 11, 2026

महिलाओं के हाथों में आई आत्मनिर्भरता की चाबी

IMG-20251226-WA0006

● विधायक संजीव सरदार ने 33 महिलाओं को प्रदान की सिलाई मशीन

पोटका : झारखंड सरकार के समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) द्वारा जनजातीय क्षेत्रीय योजना के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से पोटका प्रखंड मुख्यालय में सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने जेएसएलपीएस से जुड़ी 33 महिलाओं के बीच सिलाई मशीन का वितरण किया. इस अवसर पर विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं चला रही है. स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं आज न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि समाज में अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मैया सम्मान योजना सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लगभग सभी महिलाओं को मिल रहा है.
विधायक ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि स्वरोजगार आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है, सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर महिलाएं अपने परिवार और समाज को मजबूत करें. कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, बीपीएम मंटू मुंडा, पूर्व पार्षद हीरामणि मुर्मू, चंद्रावती महतो, जेएसएलपीएस की ज्योत्सना साहू, भगवत देव, सपन सीट, सावन मुर्मू, निखिल महतो, कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.