February 20, 2026

मन और आत्मा को शुद्ध करती है भागवत कथा : शास्त्री

IMG-20260220-WA0000


गोलमुरी में कलश यात्रा के साथ आठ दिवसीय भागवत कथा शुरु

जमशेदपुर : गोलमुरी मनिंदर टावर में आठ दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ कलश स्थापना एवं शोभायात्रा के साथ हुआ. पूजन कर कलश शोभायात्रा गोलमुरी श्री शिव श्याम मंदिर से निकली, जो मेन रोड होते हुए कथा स्थल तक पहुंची. भागवत की पूजा अर्चना और पूजन के बाद कलश की स्थापना की गई. शाम में भागवत कथा का आयोजन किया गया. वृन्दावन धाम से आये आचार्य पंडित सुरेश चन्द्र शास्त्री जी महाराज ने भागवत महात्म एवं परीक्षित शुकदेव संवाद कथा का व्याख्यान किया.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को पुण्य प्राप्त करने के लिए भागवत कथा सुननी चाहिए. जब प्राणी मात्र का कोई पुण्य कर्म उदय होता है, उसी को भागवत सुनने का अवसर प्राप्त होता है. आचार्य ने कहा कि भागवत एक कथा नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की कला सीखने का उचित माध्यम है. भागवत कथा में जीवन का सार तत्व मौजूद है, आवश्यकता है निर्मल मन ओर स्थिर चित्त के साथ कथा श्रवण करने की. यह कथा जन्म-जन्मांतर के विकारों को नष्ट कर मन और आत्मा को शुद्ध करती है. यह सत्संग और भगवान की प्रेममयी कथा है, जो मोह का नाश कर भगवान के पद में अनुराग उत्पन्न करती है. इसका आयोजन गोलमुरी के गोयल परिवार द्वारा किया जा रहा है. प्रथम दिन गुरूवार को यजमान के रूप में पार्वती देवी, चम्पा-रतन अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, माधव अग्रवाल उपस्थित थे. रोजाना शाम 4 से 7 बजे तक भागवत कथा का प्रवचन होगा.