नियमित सफाई, कचरा संग्रहण व निस्तारण की व्यवस्था बनाएं रखे
उपायुक्त की अध्यक्षता में नगर निकायों की समीक्षात्मक बैठक
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) सभागार में नगर निकायों के अंतर्गत संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक हुई. बैठक में जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत के पदाधिकारी उपस्थित थे. उन्होंने बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना आवास परियोजना पर विशेष चर्चा की. निर्देश दिया कि आवास परियोजना में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, विद्युत कनेक्शन, सडक़ एवं नाली निर्माण, जल निकासी व्यवस्था तथा ठोस कचरा प्रबंधन सहित सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाएं. स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) अंतर्गत नगर निकायों को नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं जलापूर्ति एवं सीवरेज परियोजनाओं में प्रगति लाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया गया. इसके अतिरिक्त शहरी आजीविका मिशन एवं स्ट्रीट वेंडर्स योजना के अंतर्गत फुटपाथ दुकानदारों को योजनाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए गए.
रैन बसेरों के सुचारु संचालन का निर्देश
शीतकालीन मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में रैन बसेरों (नाइट शेल्टर) के सुचारु संचालन, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा चिन्हित स्थानों पर अलाव/आग ताप व्यवस्था नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी निकायों को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं एवं जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें.

