शंकर-पार्वती की झांकी ने आध्यात्मिक संदेश से किया ओत-प्रोत
ब्रह्माकुमारीज की सोनारी मेरिन ड्राइव स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस से निकली शोभायात्रा
जमशेदपुर : ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा महाशिवरात्रि पर भव्य एवं आध्यात्मिक शोभायात्रा सोनारी मेरिन ड्राइव स्थित यूनिवर्सल पीस पैलेस रिट्रीट सेंटर से निकाली गई. शोभायात्रा का शुभारम्भ राजयोगिनी अंजू दीदी (निदेशक, ब्रह्माकुमारीज सेंटर्स, कोल्हान) ने हरी झंडी दिखा कर किया. शोभायात्रा में ब्रह्माकुमारीज परिवार की प्रीति, पायल, श्वेता, राखी, प्रियंका, बरनाली, जीतन, अरुण, अरविन्द समेत 100 से अधिक भाई बहनों नें सक्रिय रूप से भाग लिया. इसके अतिरिक्त शहर के विभिन्न गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज की. इस अवसर पर सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन डे तथा वीर मंच के अध्यक्ष दीपक यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे. उनके साथ स्थानीय क्षेत्र के 100 से अधिक नागरिकों ने शोभायात्रा में सहभागिता निभाई और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई.
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण शंकर-पार्वती चेतन्य झांकी प्रदर्शनी रही, जिसने सभी दर्शकों को आध्यात्मिक संदेश से ओत-प्रोत किया. साथ ही शिव जी के दिव्य स्वरूप एवं उनके आध्यात्मिक ज्ञान का सजीव प्रस्तुतीकरण किया गया. शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागृति, नैतिक मूल्यों का उत्थान तथा विश्व शांति का संदेश फैलाना रहा. ब्रह्माकुमारीज़ संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्मजागृति और ईश्वर से संबंध जोडऩे का विशेष अवसर भी है. अंत में समस्त उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कर जीवन में शांति, शक्ति और सकारात्मकता अपनाने का संदेश दिया गया.
