Palamu Firing Case Arrest : जमीन विवाद में चली थी गोली, फैज सहित पांच गिरफ्तार
पलामू पुलिस की और एक उपलब्धि, ‘सुपारी किलिंग’ का किया खुलासा
मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने बस स्टैंड रोड पर हुए चर्चित गोलीकांड का उद्भेदन करते हुए इसे सुपारी किलिंग का मामला बताया है. पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से हथियार व नकदी बरामद की है. बताया गया कि 2 अप्रैल की रात करीब 10.40 बजे शहर थाना क्षेत्र के हीरो शोरूम के सामने स्थित नगरपालिका मार्केट में मो. समीर उर्फ गुड्डू (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में 3 अप्रैल को केस दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर पांकी थाना क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की. मुख्य आरोपी फैज खान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल मेदिनीनगर में भर्ती कराया गया.
मौके से आदर्श कुमार उर्फ धोनी और तारिक साह उर्फ मुन्नान को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया. पूछताछ में फैज खान ने खुलासा किया कि मृतक समीर का इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला के साथ जमीन विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण मिंटू डाला और उसके सहयोगी शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन ने फैज खान को 2 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई थी. पुलिस ने इस आधार पर मिंटू डाला और विक्की राइन को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें हत्या, आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे गंभीर मामले शामिल है. पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
बरामद सामान में शामिल है
7.65 एमएम की एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा.
9 एमएम की एक लोडेड देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां.
एक ग्लैमर मोटरसाइकिल.
39,400 रुपये नकद (सुपारी की रकम का हिस्सा).

