February 11, 2026

Jharkhand Crime : पलामू में अंधविश्वास की बलि चढ़े एक ही परिवार के तीन लोग, बच्ची गंभीर

Symbolic Photo

सांकेतिक तस्वीर

Palamu/Jharkhand : झारखंड में पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसड़ी गांव में एक ही परिवार के तीन लोग अंधविश्वास की बलि चढ़ गए. घटना रविवार के भोर करीब चार बजे की बताई जाती है। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की टांगी से हत्या कर दी गई, जबकि हमले में एक 15 वर्षीय बच्ची ममता कुमारी गंभीर रूप से घायल है। मृतकों पर उनके ही पड़ोस में रहने वाले रविंद्र भुइयां और प्रमोद भुइयां ने किया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। घटना को अंजाम देने के बाद से दोनों फरार फरार बताए जाते हैं। इधर घायल ममता कुमारी को प्राथमिक इलाज के बाद मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय विजय भुइंया, उनकी पत्नी 40 वर्षीय हेमंती देवी और पुत्र 25 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है।

आरोपियों ने अपने पिता की मौत के बाद वारदात को दिया अंजाम

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को भोर में करीब तीन बजे आरोपी रविंद्र और प्रमोद के पिता 65 वर्षीय महेशी भुइयां का निधन हो गया। आरोप है कि उनकी मृत्यु को भूत-प्रेत से हुई मौत मानते हुए दोनों भाइयों ने पड़ोसी विजय भुइंया और उसके परिवार पर हमला कर दिया। पहले विजय भुइंया को ओझा या जादू-टोना करने वाला मानकर टांगी से मार दिया। उसके बाद उसकी पत्नी और पुत्र को भी मौत के घाट उतार दिया। हमले में ममता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई।

दोनों परिवारों में लंबे समय से चल रहा था विवाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से दोनों परिवारों में ओझा और जादू-टोना को लेकर विवाद चल रहा था। महेशी भुइयां पिछले कई दिनों से बीमार थे और उनके परिवार का आरोप था कि विजय भुइंया ने उन पर भूत लगा दिया था। गांव में कई बार समझौते हुए, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।

चार घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

इधर, घटना के करीब चार घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। हालांकि, सुबह करीब 9 बजे पांकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनोज कुमार झा ने घटना की पुष्टि की और बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं। पुलिस आरोपित भाइयों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।