March 7, 2026

पार्टी की नीति-सिद्धांतों से अवगत कराने 30 से प्रशिक्षण वर्ग

IMG-20260307-WA0014

भाजपा का कार्यक्रम तय, सोनारी में मंडल कमिटी की बैठक में बनी रणनीति

जमशेदपुर : भाजपा महानगर द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान अंतर्गत प्रशिक्षण कार्ययोजना बैठक सोनारी चित्रगुप्त भवन में हुई. महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा शामिल हुई. वहीं, बैठक में प्रदेश मंत्री मनोज महतो, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले समेत कई पदाधिकारी एवं अभियान टोली के मंडल संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए. बैठक में अभियान की सफलता एवं रूपरेखा तय करने पर चर्चा की गई. अभियान हेतु सभी मंडलों में एक संयोजक एवं दो सह संयोजक की नियुक्ति की गई.
अतिथियों का स्वागत महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया. बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत महानगर अंतर्गत 28 मंडलों में 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग होगा. आगामी 30 मार्च से 14 अप्रैल तक विभिन्न मंडलों में इस एकदिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति, सिद्धांत, संगठनात्मक संरचना और जनसेवा के संस्कारों से समृद्ध किया जाएगा. बैठक में जितेंद्र राय, पप्पू सिंह, मिली दास, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, उज्ज्वल सिंह, किशोर ओझा, नीतीश कुशवाहा सहित कई मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे.

समाजसेवा हेतु तैयार किये जाएंगे समर्पित कार्यकर्ता : गीता
पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने बताया कि प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य वैचारिक रूप से दृढ़, संगठनात्मक रूप से सक्षम और समाज सेवा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है. पार्टी का संकल्प है कि प. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाए.