April 22, 2026

उत्कल एक्सप्रेस का राखामाइंस स्टेशन पर भी होगा ठहराव

IMG-20260307-WA0013

सांसद विद्युत महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, रेलवे के कई अधिकारी भी रहे मौजूद

जमशेदपुर : सांसद विद्युत वरण महतो ने शनिवार को राखामाइंस स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी-योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस के नए ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया. सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया और इस नई सुविधा को क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. इस अवसर पर स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रेलयात्री मौजूद रहे. लोगों ने उत्साह के साथ ट्रेन का स्वागत किया और लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने पर खुशी जताई. कार्यक्रम में खडग़पुर मंडल की अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) मनीषा गोयल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार, मंडल के अन्य अधिकारी, डीआरयूसीसी के सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि इस ठहराव से राखामाइंस और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को दूर-दराज के शहरों तक यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी. रेलवे अधिकारियों ने भी भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल सेवाओं के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे. उत्कल एक्सप्रेस के इस नए ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को अब सीधे पुरी और योगनगरी ऋषिकेश जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक यात्रा करने में सुविधा मिलेगी.

You may have missed