पंचायत क्षेत्र में जेएनएसी ने काटा फाइन, विरोध शुरु
अंकित ने कहा यह क्षेत्राधिकार का उल्लंघन, सीएम से शिकायत
जमशेदपुर : पंचायत क्षेत्र में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के उडऩदस्ता द्वारा बिना सूचना और स्पष्ट अधिकार क्षेत्र के गरीब ठेले-खोमचेवालों पर स्पॉट फाइन लगाए जाने का मामला अब तूल पकडऩे लगा है. भाजपा नेता अंकित आनंद ने इस कार्रवाई का कड़ा विरोध जताते हुए इसे क्षेत्राधिकार का उल्लंघन और पद का दुरुपयोग करार दिया है. अंकित ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ के जरिए पूरी घटना की जानकारी साझा करते हुए इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी से की है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में जेएनएसी द्वारा वसूला गया फाइन न तो विधिक रूप से सही है और न ही यह गरीबों के प्रति न्यायसंगत. उन्होंने मांग की कि पहले प्रखंड कार्यालय और जेएनएसी अपने-अपने क्षेत्र का सीमांकन स्पष्ट करें, उसके बाद योजनाओं, नियमों और दायित्वों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाए. तभी किसी प्रकार की फाइन वसूली उचित मानी जाएगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि डीसी शीघ्र संज्ञान लेंगे.

