पोस्टमास्टर की बेटी सुदीपा ने क्रैक किया यूपीएससी, मिला 41वां स्थान
● दुमका में रहकर बिना कोचिंग शहरों में गए मिली सफलता
दुमका : दुमका की बेटी सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा में 41वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया. मूल रूप से कुमड़ाबाद की रहनेवाली सुदीपा के पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर हैं और माता पंपा दत्ता गृहिणी हैं. वर्तमान में उनका परिवार एलआईसी कॉलोनी में रहता है. साधारण परिवार में पली-बढ़ी सुदीपा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर यह साबित कर दिया कि सीमित संसाधन भी बड़े सपनों की राह नहीं रोक सकते. यह उनका तीसरा प्रयास था. इससे पहले वह एक बार इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम सूची में जगह नहीं बना सकीं. लगातार मेहनत के बाद इस बार उन्होंने शानदार सफलता हासिल की.
सुदीपा ने सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से प्रारंभिक शिक्षा, सिदो कान्हू हाई स्कूल, दुमका से इंटरमीडिएट और ए.एन. कॉलेज, दुमका से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. खास बात यह है कि उन्होंने बड़े कोचिंग शहरों में गए बिना दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की और राजकीय पुस्तकालय, दुमका में नियमित अध्ययन कर अपनी तैयारी को मजबूत किया. इससे पहले उनका चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए भी हो चुका है. सुदीपा की सफलता आज दुमका सहित पूरे झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है.
