पोटका : 1.67 करोड़ की लागत से बनेगी केन्दमुडी-वीरसिंघडीह सडक़
विधायक संजीव सरदार ने की नौ विकास योजनाओं का शिलान्यास
पोटका : पोटका के विधायक संजीव सरदार ने शुक्रवार को गंगाडीह पंचायत के केन्दमुडी चौक से वीरसिंघडीह भाया केन्दमुडी तक 1.65 किलोमीटर सडक़ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. यह सडक़ मुख्यमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत 1.67 करोड़ की लागत से स्वीकृत हुई है. इसके अलावा विधायक निधि से स्वीकृत लगभग 39 लाख रुपये की 9 योजनाओं का भी विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया. ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया.
विधायक ने कहा कि पोटका विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के कार्यकाल में गांवों की तस्वीर बदल रही है, और उसके साथ साथ पोटका में भी विकास की गति दोगुनी हुई है. ग्रामीणों की सहमति एवं जरूरतों के आधार पर तालाबों में स्नान घाट निर्माण, पेबर्स ब्लॉक पथ निर्माण और पक्के सिंचाई नाले के निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य पोटका के ग्रामीण इलाकों के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होंगे.
शिलान्यास समारोह में विधायक ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है. जहां भाजपा ने अपने 19 साल के शासन में झारखंड को पीछे धकेला, वहीं अबुआ सरकार गांव-गांव विकास पहुंचा रही है. मौके पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, हीरामणि मुर्मू, झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, मुखिया कार्तिक मुर्मू, उपमुखिया कुशनु मुर्मू, पंसस दुखु मार्डी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.
इन योजनाओं का हुआ शिलान्यास
- बालीडीह गांव में स्नानघाट निर्माण
- छोटा बांदुआ में पेबर्स ब्लाक पथ निर्माण
- हाकाई में स्नानघाट निर्माण
- मुकुंदपुर में स्नानघाट निर्माण
- खैरपाल के नीमडीह में पेबर्स ब्लाक पथ निर्माण
- मुड़ासाई में पेबर्स ब्लाक पथ निर्माण
- डाटोबेड़ा के जामडीह में सिंचाई नाला निर्माण
- हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत में पेबर्स ब्लॉक पथ निर्माण
