Jamshedpur Gas cylinder Blast : पोटका के कलिकापुर बाजार में सिलेंडर ब्लास्ट, होटल जलकर खाक
- जमशेदपुर में बड़ा हादसा टला, दमकल और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर पाया गया काबू
Jamshedpur/Jharkhand : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित कलिकापुर बाजार में रविवार को एक होटल में गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान लगातार दो गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद होटल में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरी दुकान जलकर राख हो गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
खाना बनाते समय रेगुलेटर के पास लगी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय होटल में खाना तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई।आग लगते ही होटल में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक घबराकर तुरंत बाहर निकल गए। कुछ लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
दूसरा सिलेंडर भी धमाके के साथ फटा
आग की लपटें पास में रखे दूसरे गैस सिलेंडर तक पहुंच गईं। इसके बाद जोरदार धमाके के साथ दूसरा सिलेंडर भी फट गया। लगातार दो विस्फोटों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया।हालांकि समय रहते होटल में रखे दो अन्य गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे और बड़ा हादसा होने से बच गया।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की टीम पोटका थाना से मौके पर पहुंची। वहीं स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को भी सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारण होटल के आसपास स्थित मकानों में भी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
नुकसान का आकलन जारी
फिलहाल इस घटना में हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन होटल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
Also Read : पांच राज्यों में विस चुनाव की तिथि घोषित, मतगणना 4 मई को
