प्रिंस, सुहाना व हिमांशु ने गुरु तेग बहादुर की जीवनी पर दिया भाषण
बर्मामाइंस खालसा मध्य व उच्च विद्यालय में शहादत दिवस समारोह का आयोजन
जमशेदपुर : बर्मामाइंस स्थित खालसा मध्य व उच्च विद्यालय में हिंद की चादर गुरु तेग बहादुर जी का शहादत दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य गुरुजी के दिलेर, निर्भय तथा त्यागी स्वभाव तथा उनकी हिंदुओं के धार्मिक आस्था जनेऊ तथा तिलक की रक्षा करते हुए दिये गए सर्वोच्च बलिदान से बच्चों तथा समाज को अवगत कराना था. इस दौरान सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान भगवान सिंह तथा शैलेंद्र सिंह सहित नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह शामिल हुए.
विद्यालय के सचिव सरदार सुखपाल सिंह ने समारोह का शुभारंभ किया. मंच का संचालन विद्यालय की अध्यापिका रीना ने किया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित चित्रांकन, निबंध, प्रश्नोत्तरी तथा भाषण प्रतियोगिता का प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया. विद्यालय के प्रिंस कुमार (वर्ग 7) द्वारा गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी, सुहाना कुमारी (वर्ग 10) द्वारा हिंद की चादर तथा हिमांशु साहू (वर्ग 9) द्वारा गुरु तेग बहादुर जी के शहादत पर संबोधन प्रस्तुत किया. बच्चों द्वारा गुरु तेग बहादुर की जीवनी पर आधारित मॉडल भी प्रदर्शित की गई. स्कूल के सह सचिव सतबीर सिंह सोमु धन्यवाद ज्ञापन किया. मौके पर स्कूल समिति के अध्यक्ष सविंदर सिंह, सरदार हरभजन सिंह, मध्य एवं उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रधानाध्यापिका सहित अन्य मौजूद थे.

