प्रकाशपर्व पर 27 को साकची गुरुद्वारा से निकलेगी शोभायात्रा
गुरु गोबिंद सिंह जी के 360वें प्रकाशोत्सव की भव्य तैयारियाँ शुरू : निशान
जमशेदपुर : गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची ने दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें प्रकाशोत्सव को समर्पित भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा घोषित की. सोमवार को गुरुद्वारा प्रधान सरदार निशान सिंह की अध्यक्षता में हुई कमिटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 27 दिसंबर को गुरु महाराज के प्रकाशोत्सव पर साकची के निर्धारित मार्ग से शोभायात्रा निकाली जाएगी. प्रधान निशान सिंह ने बताया कि प्रकाशोत्सव से पहले 23 से 25 दिसंबर तक तीन दिवसीय प्रभात फेरी निकाली जाएगी. इसके अतिरिक्त 25 दिसंबर को अखंड पाठ आरंभ होंगे जिनकी समाप्ति प्रकाशपर्व के दिन 27 दिसंबर को की जाएगी. उसी दिन गुरुद्वारा परिसर में कीर्तन दरबार भी सजेगा जहां संगत गुरु महाराज की वाणी का रसपान करेगी. बैठक में प्रधान सरदार निशान सिंह, ट्रस्टी सतनाम सिंह सिद्धू, परमजीत सिंह काले, जगमिंदर सिंह, सुखविंदर सिंह निक्कू, सतबीर सिंह गोल्डू, हरजीत सिंह मोनू, अजायब सिंह, त्रिलोचन सिंह तोची, बलबीर सिंह, श्याम सिंह, बलबीर सिंह धंजल, सुखदेव सिंह, दलजीत सिंह, जसपाल सिंह जस्से, मनोहर सिंह मित्ये, राजिंदर सिंह, बलदेव सिंह बब्बू और जयमल सिंह उपस्थित रहे.
साकची कालीमाटी मेन रोड का करेगी भ्रमण
इस अवसर पर परमजीत सिंह काले ने बताया कि शोभायात्रा साकची गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर कालीमाटी रोड, बसंत टॉकीज गोलचक्कर, साकची गोलचक्कर, काशीडीह मोड़ गोलचक्कर होते हुए आर डी टाटा गोलचक्कर से पुन: साकची गुरुद्वारा लौटेगी. इस शोभायात्रा में जुगो जुगो अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी भी संगत के दर्शन हेतु भ्रमण करेगी. शोभायात्रा में स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब जत्था की बीबियां, नौजवान सभा और गुरु रूप साध संगत विशेष रूप से अगुवाई करेंगी. इसमे गुरु नानक उच्च और मध्य विद्यालय तथा मॉर्डन इंग्लिश स्कूल के बच्चे भी शामिल होंगे. सुखविंदर सिंह निक्कू ने बताया कि प्रकाशोत्सव के मौके पर गुरु का अटूट लंगर संगत को समर्पित भाव से वितरित किया जाएगा.
