प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय की छात्राएं पहुँची बिस्टुपुर राम मंदिर
जमशेदपुर : प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, माचा (पटमदा) की 30 बालिकाओं ने शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत ऐतिहासिक आंध्रभक्त श्री राम मंदिर, बिस्टुपुर का दौरा किया. इस अवसर पर मन्दिरम अध्यक्ष बी डी गोपाल कृष्णा, दुर्गा प्रसाद शर्मा, वाई श्रीनिवास एवं पटमदा से विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका झा, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्षा, आचार्यपालक एवं अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित थे. भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने मंदिर के इतिहास और उसकी स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को जाना. मंदिर कमेटी के महासचिव दुर्गा प्रसाद शर्मा ने बच्चों एवं शिक्षकों को बताया कि मंदिर की स्थापना वर्ष 1919 में दक्षिण भारत (आंध्र प्रदेश) से आए निवासियों द्वारा बिस्टुपुर मेन रोड के समक्ष की गई थी. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि टाटा स्टील के टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व अध्यक्ष श्री सुभाष चंद्र बोस की अनुशंसा पर इस स्थान का चयन किया गया था.
श्री शर्मा ने बताया कि समय के साथ मंदिर परिसर में बालाजी मंदिर, कृष्ण मंदिर सहित अन्य मंदिरों की स्थापना हुई और यहां एक चिकित्सालय तथा एक अल्पसंख्यक मध्य विद्यालय भी संचालित होता है. इस शैक्षिक यात्रा का उद्देश्य छात्राओं को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक धरोहरों से सीधे रूबरू कराना था. मौके पर मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यगण तथा विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ भी मौजूद थे.

