पुलिस कार्रवाई पर बवाल, युवक घायल होते ही भड़का गुस्सा
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक युवक के घायल होने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिस वाहन को घेर लिया और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धक्का लगने से युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। युवक को लहूलुहान अवस्था में देखकर आसपास के लोग भड़क उठे और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे की हालत में था और युवक के साथ जबरदस्ती की गई। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी फैज अकरम मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद देर रात हालात सामान्य हुए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
