March 29, 2026

Ranchi Police Raid : रांची के ‘लॉर्ड्स ऑफ ड्रिंक्स’ बार में देर रात पुलिस का छापा, जानें क्या थी शिकायत व जांच के बाद क्या हुआ…

Ranchi Police Raid

Ranchi Police Raid

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के पॉश इलाकों में शुमार बार और पब संस्कृति पर पुलिस ने अपनी पैनी नजरें गड़ा दी हैं। इसी कड़ी में शनिवार की देर रात रांची पुलिस ने शहर के चर्चित ‘लॉर्ड्स ऑफ ड्रिंक्स’ बार में अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से बार प्रबंधन और वहां मौजूद ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया। हालांकि, घंटों चली इस सघन तलाशी और जांच के बाद पुलिस को मौके से कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

गुप्त सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन और पुलिस को लगातार यह शिकायतें मिल रही थीं कि उक्त बार में नियमों की अनदेखी कर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इसके अलावा, कुछ गुप्त सूचनाओं में बार के भीतर नशीले पदार्थों (ड्रग्स) की उपलब्धता और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की आशंका भी जताई गई थी। इन गंभीर इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने बिना समय गंवाए रेड की योजना बनाई और शनिवार रात बार में धावा बोल दिया।

hemkund-public-school

स्टॉक से लेकर लाइसेंस तक की गहन जांच

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने बार के भीतर मौजूद शराब के स्टॉक का मिलान किया और उत्पाद विभाग से जुड़े लाइसेंस व अन्य जरूरी दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया। इसके साथ ही वहां पार्टी कर रहे लोगों से भी पूछताछ की गई। सुरक्षा कारणों और समय सीमा के उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने वहां मौजूद सभी लोगों को तत्काल अपने-अपने घर जाने के निर्देश दिए।

कोतवाली डीएसपी ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर रविवार को जानकारी देते हुए कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (DSP) प्रकाश सोय ने बताया कि पुलिस को देर रात तक डीजे बजाने और कुछ अवैध गतिविधियों के संचालित होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर टीम ने मौके पर पहुँचकर सभी तकनीकी और कानूनी पहलुओं की जांच की। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान बार में कोई भी संदिग्ध या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई है। वर्तमान में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस हर गतिविधि पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। भविष्य में यदि किसी भी बार द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल, इस छापेमारी के बाद शहर के अन्य बार संचालकों में भी खौफ का माहौल है। रांची पुलिस ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि शहर की शांति व्यवस्था और नियमों से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read : Mnoharpur News : मनोहरपुर में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, 10 साल के लंबे इंतजार के बाद खुशियों की जगह पसरा मातम, सीएचसी में हंगामा

You may have missed