‘राष्ट्र की समृद्धि में महिलाओं के योगदान’ विषय पर गोष्ठी
● ग्राहक पंचायत, महिला आयाम ने मनाई विवेकानंद जयंती
जमशेदपुर : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की ओर से कदमा के जयप्रभा कांप्लेक्स में स्वामी विवेकानंद जयंती सह समर्पण दिवस मनाया गया. दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. संगठन मंत्र के वाचन के बाद जिला महिला आयाम सह प्रमुख विजया लक्ष्मी ने अतिथियों के परिचय के साथ विषय प्रवेश कराया. सभी ने स्वामी जी को पुष्प अर्पित किया और उनके विचारों को आत्मसात करने की प्रेरणा ली.
इसके बाद “राष्ट्र के प्रति समर्पित महिलाऐं” विषय पर प्रांत महिला आयाम प्रमुख रूबी लाल ने वक्तव्य दिया. स्वामी जी के विचारों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि कैसे महिलाएं घर पर रहकर भी अपने बच्चों को भारतीय संस्कार और नैतिकता सिखाते हुए एक जागरूक नागरिक बनाकर एक सशक्त समाज का निर्माण करती हैं. यह भी देश सेवा का ही एक हिस्सा है. उपस्थित सभी महिलाओं ने स्वामी जी के विचारों पर चर्चा की. कार्यक्रम का संचालन रीना परितोष ने और धन्यवाद ज्ञापन योगिता नायडू ने किया. कार्यक्रम में मीरा गुप्ता, गीता, सुधा, मुन्नी, राजश्री हरूपका एवं अन्य महिलाओं की उपस्थिति रही.

