राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शहरागमन कल, प्रशासन ने किया अंतिम रिहर्सल
महामहिम के स्वागत को तैयार हैं लोग, दो कार्यक्रम में लेंगी हिस्सा
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कल, गुरुवार को होनेवाले शहर आगमन से पहले शहर की सड़कों पर उनके काफिले का रिहर्सल किया गया. सुरक्षा एजेंसियों ने वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर व्यापक तैयारी की. पुलिस और ज़िला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी खुद व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखे. रिहर्सल के दौरान प्रमुख मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका गया, जिससे राहगीरों को असुविधा भी हुई. हालांकि प्रशासन का कहना है कि यह अभ्यास सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है. काफिले की तेज रफ्तार और सुरक्षा घेरा देखने लोगों की भीड़ जुट गई.
इस अवसर पर उपायुक्त सहित एसएसपी, ग्रामीण एसपी, सिटी एसपी सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सोनारी एयरपोर्ट से लेकर कदमा मरीन ड्राइव तक गए. वहां का जायजा लेने के बाद पूरी टीम बारीडीह मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज तक गए. इस दौरान साइरन बजाते हुए वाहन चल रहे थे.
ज्ञात हो कि कल, 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लगभग दोपहर 12 बजे सोनारी एयरपोर्ट पहुचेंगी. वहां से सोनारी सर्किट हाउस साई मंदिर होते हुए मरीन ड्राइव के मार्ग से अपरान्ह 12.30 बजे कदमा पहुचेंगी. वहां श्री जगन्नाथ जी के मंदिर का शिलान्यास करने के उपरांत संबोधन करेंगी व प्रसाद भी ग्रहण करेगी. इस समारोह में उनके साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित पूर्वी व पश्चिम सिंहभूम के दोनों सांसद, कई विधायक तथा टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
वहां से लगभग अपरान्ह 2.30 बजे निकलकर महामहिम अपरान्ह 2.50 बजे बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगी. वहां भी उनका लगभग एक घंटे का कार्यक्रम तय है. इस दौरान राष्ट्रपति कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद करने के साथ साथ फ़ोटो सेशन भी कराएंगी. उसके बाद वे हवाई मार्ग से रांची के लिए रवाना हो जाएंगी. उनके आगमन को देखते हुए चारों ओर साफ सफाई चल रही है. जगह जगह अतिथियों के पोस्टर, बैनर, कट आउट लगाए गए हैं.
