राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर प्रशासन की तैयारी शुरु
उपायुक्त ने की बैठक, तैयारियों का लिया जायजा
जमशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 29 दिसंबर को प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है. इस क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में सोनारी एयरपोर्ट, करनडीह जाहेर स्थान सहित राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, नागरिक सुविधा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने एयरपोर्ट आगमन से लेकर प्रस्थान तक की संपूर्ण व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने यातायात प्रबंधन को लेकर निर्देश दिया कि ट्रैफिक प्लान, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा आम नागरिकों की सुगम आवाजाही को ध्यान में रखते हुए कार्य योजना तैयार करें. उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पास व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रबंधन की समुचित तैयारी रखने के निर्देश दिए. साथ ही स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को भी कहा. एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल एवं मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, साज-सज्जा तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं. बैठक में प्रशासन, एयरपोर्ट प्रबंधन, नगर निगम, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
