February 20, 2026

राष्ट्रपति के शहरागमन की तैयारियों को देखने पहुंचे कोल्हान आयुक्त

IMG-20260219-WA0005

● सर्किट हाउस में उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

जमशेदपुर : श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केन्द्र ट्रस्ट का भूमिपूजन कार्यक्रम पर 26 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा विधि व्यवस्था संधारण के मद्देनजर तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा रहा है. इसी क्रम में आयुक्त, कोल्हान प्रमंडल रविरंजन कुमार विक्रम ने परिसदन में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय समेत अन्य प्रशासनिक-पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. साथ ही आयोजन स्थल पर चल रहे कार्य का अवलोकन कर तैयारियों का जायजा लिया. उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्यक्रम को लेकर की जा रही तैयारियों की ब्रीफिंग की गई.
आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम से संबंधित ले-आउट प्लान, मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा टेंट निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं. प्रवेश एवं निकास द्वारों को सुव्यवस्थित रखने, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन निकास मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर वीआईपी मूवमेंट के अनुरूप मार्ग निर्धारण, कारकेड व्यवस्था तथा यातायात नियंत्रण की समुचित योजना तैयार करने को कहा. साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा प्लास्टिक सामग्री के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. आयुक्त ने उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय के साथ कार्य कराते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का निर्देश दिया. बैठक एवं निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा व अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी सहित आयोजन समिति के लोग उपस्थित थे.