March 19, 2026

‘श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में…’ से गूंजी लौहनगरी

IMG-20260319-WA0000

● हिन्दू नववर्ष के पूर्व संध्या पर शहर में भव्य रूप से निकली यात्रा

● साकची आमबगान मैदान में भारत माता की आरती के साथ समापन

● घरों से निकले सनातनी युवा-बुजुर्ग, प्रत्येक सड़कों पर लगा जाम

जमशेदपुर : हिन्दू नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के पूर्व संध्या पर बुधवार को शहर के हिन्दूवादी संगठनों ने नववर्ष शोभायात्रा निकाली. वैसे तो इसकी शुरुआत अलग-अलग स्थानों से हुई, लेकिन समापन साकची आमबगान (सुभाष) मैदान में मां भारती की आरती के साथ हुई. यात्रा की भव्यता इस बात से लगाई जा सकती है कि शहर के लगभग सभी मुख्य चौक-चौराहा तथा सडक़ें श्री राम के नाम तथा भारतमाता की जयकार से गुंजायमान होता रहा. इसमें मुख्य रुप से हिन्दू नववर्ष यात्रा मानगो डिमना एमजीएम मैदान से, हिन्दू उत्सव समिति व हिन्दू जन जागरण मंच ने संयुक्त रुप से मानगो डिमना ट्रांसपोर्टनगर मैदान से तथा हिन्दू जागरण मंच की ओर से भालूबासा हरिजन स्कूल मैदान से यात्रा निकली. इसके अलावा कदमा, सोनारी सहित शहर के अन्य स्थानों से यात्रा निकाली गई. इस दौरान सभी के हाथों में भगवा झंडे लहरा रहे थे तथा वे वंदे मातरम…, जय श्री राम…, एक-एक बच्चा राम का, मातृभूमि के काम का…, घर-घर भगवा छाएगा, राम राज्य फिर आएगा…, एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम जय श्री राम… आदि नारे लगा रहे थे. चारों ओर सिर्फ और सिर्फ भगवा झंडा, बैनर ही दिख रहे थे. सभी के मुंह में रामनाम थे. हालांकि भीड़ को नियंत्रित करने के लिये काफी संख्या में पुलिस बल तथा दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी. उनके स्वागत में जगह-जगह लोग खड़े थे तथा शिविर लगाकर सेवा की. रैली अपने नीयत मार्गों से होते हुए साकची आमबगान मैदान पहुंची. वहां भारत माता की एक बड़ी तस्वीर लगाई गई थी. रैली में शामिल लोग उक्त तस्वीर के समक्ष कतारवद्ध होकर खड़े हो गये तथा सामूहिक आरती तथा जय श्री राम, वंदे मातरम के उद्घोष के बाद इसका समापन हुआ. यात्रा में डीजे पर बज रहे भक्तिमय संगीत के साथ पूरा जमशेदपुर भक्तिमय हो उठा. श्री राम जी की सेना चली, श्री रामजी की निकली सवारी, भगवा रंग के संगीत पर सनातनी झूमते हुए यात्रा में डिमना से सुभाष मैदान तक पहुंचे.

● श्री राम, माता सीता व हनुमान जी की झांकी रहा आकर्षण

डिमना से यात्रा की शुरुआत संतों और पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई. यात्रा का नेतृत्व मृत्युंजय कुमार ने किया. इस अवसर पर यात्रा में देश के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद तात्या टोपे के नाती विनायक राव टोपे (उत्तर प्रदेश) शामिल हुए. उन्होंने कहा कि यह यात्रा आनेवाली पीढ़ी के लिए मिल का पत्थर साबित होगा. आज की युवा पीढ़ी को अपने गौरवपूर्ण इतिहास और संस्कृति से जोडऩा पुण्य का कार्य है. उन्होंने सभी हिंदू जनमानस से निवेदन किया कि भगवा की शान बुलंद रखें और सदैव धर्म के प्रति एकजुट रहें. मानगो चौक में तात्या टोपे जी के नाती विनायक टोपे को देखने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी. मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी को हमारी संस्कृति एवं धर्म के प्रति जागरूक करने का यह प्रयास है. मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता एवं नारी शक्ति यात्रा में सम्मिलित हुई.
साधु संत भी अपनी वेशभूषा में यात्रा की शोभा बढ़ाई. इस दौरान प्रभु श्री राम, माता सीता, वीर बजरंगबली हनुमान जी की झांकी आकर्षण का केन्द्र रहा. करीब 10 किलोमीटर की यात्रा को डिमना से सुभाष मैदान पहुंचने में 5 घंटे का समय लगा. यात्रा सुभाष मैदान पहुंचते ही सभी सनातनी द्वारा भारत माता की आरती की गई. सुभाष मैदान में भारत माता की 21 फीट के बने चित्र की आरती के पश्चात यात्रा का धन्यवाद ज्ञापन उपेंद्र सिंह मस्तान ने किया. नववर्ष यात्रा में भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, दीपनारायण मिश्रा, विपिन, दीपक भदानी, आकाश महतो, राजेश गुप्ता, चंदन काशी, नितिन त्रिवेदी, राकेश साहू, चंदन सिंह राजपूत, रोहन श्रीवास्तव, दीपक गुप्ता, सीसंत मौर्या, शुभम, सोनू, इंद्रानील दास, नीरज साव, आदि सनातनी लोग मौजूद थे.

रामगढ़ की डंका की धुन पर झूमे श्रद्धालु, अघोरी नृत्य भी रहा आकर्षण

हिंदू उत्सव समिति, हिन्दू जन जागरण मंच, श्रीराम राज व भगवा टीम के संयुक्त तत्वाधान में डिमना ट्रांसपोर्ट नगर मैदान से भी यात्रा निकाली गयी. भगवा पताका से सजे सैकड़ों झांकियों ने इस शोभा यात्रा को अभूतपूर्व बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के पूर्व मंत्री व जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, भाजपा नेता नीरज सिंह, अमरप्रीत सिंह काले, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, शिवशंकर सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, सुबोध श्रीवास्तव, महेश सिंह, संध्या सिंह, सुशीला शर्मा व अन्य शामिल हुए.
नेताजी सुभाष मैदान में जब हिन्दू उत्सव समिति की यात्रा पहुंची तो मैदान पूरा भर चुका था, जहां भारत माता की आरती हुई और प्रसाद ग्रहण कर लोग अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए. अत्याधिक भीड़ होने के कारण मानगो में जगह-जगह जाम लगा रहा. हिन्दू उत्सव समिति के 200 कार्यकर्ता यातायात नियम पालन कराने के लिए जिम्मेदारी के साथ डटे रहे.
यात्रा में रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका ने समा बांध दिया. साथ ही 11 फीट के बॉडी बिल्डर हनुमान जी, शिव बारात, अघोरी नृत्य व राम दरबार के रूप में सजे समस्त कलाकारों की कला ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया. यात्रा में मुख्य भूमिका निभानेवालों में नीरज सिंह, पवन सिंह, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश, धर्मेंद प्रसाद, महेश सिंह, अमित शर्मा, प्रिंस सिंह, हेमंत पाठक, संजय शर्मा, कविता, अमृता मिश्रा, मंजू, पिंटू, शुभम कुमार, अमित, शक्ति प्रमाणिक, धीरज, सुखदेव सहित अन्य के नाम शामिल है.

हिन्दू जागरण मंच : डीजे की धुन पर झूमे रामभक्त

भालूबासा हरिजन स्कूल मैदान से निकली हिन्दू नववर्ष यात्रा का नेतृत्व हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष बलबीर मंडल ने किया. वहा से लेकर साकची तक विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई थी. सहयोगी संगठन में सनातन उत्सव समिति के चिंटू सिंह भी अपने सैकड़ों साथियों के साथ यात्रा में शामिल हुए. इस दौरान शिव तांडव नृत्य ने सभी का मन मोह लिया. कलाकारों द्वारा प्रस्तुत यह अद्भुत नृत्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. वहीं डीजे की भक्तिमय धुनों पर झूमते श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बन रहा था.
बलबीर ने कहा कि हिंदू नववर्ष केवल एक तिथि नहीं, बल्कि हमारी सनातन परंपरा, संस्कृति और गौरव का प्रतीक है. उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. यात्रा में शिवशंकर सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, गुंजन यादव, भूपेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अप्पू तिवारी, सतीश मुखी सहित मातृशक्तियों में पार्षद कुसुम पूर्ति, नमिता उपाध्याय, रेणु कालिंदी, जया शर्मा, मीरा सिंह, ममता सिंह सहित हजारों महिलाएं शामिल हुईं.