रूढि़वादी सोच को चुनौती देने हेतु ग्रुप गतिविधि आयोजित
सुंदरनगर में ‘युवा’ का नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर
जमशेदपुर : सामाजिक संस्था यूथ यूनिटी फॉर वॉलंटरी एक्शन (युवा) ने रिबिल्ड इंडिया फंड के सहयोग से सुंदरनगर में तीन दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें जुड़ी पहाड़ी, बाघलता, भुटका और काशीडीह गांवों से कुल 20 किशोरियों ने भाग लिया. उन्हें ज्योति पिंगुवा ने प्रशिक्षण दिया. कार्यक्रम का समापन ‘सपनों के वृक्ष’ गतिविधि से हुआ, जिसमें सभी किशोरियों ने अपने हाथों की छाप लगाकर अपने सपने और इस प्रशिक्षण से सीखी बातें साझा की. कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चंद्रकला मुंडा, श्रुति आदि में सक्रिय भूमिका निभाई.
पहले दिन की शुरुआत परिचय सत्र से हुई, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अपना नाम और रुचियां साझा कीं. ‘अपेक्षा वृक्ष गतिविधि’ के माध्यम से सभी किशोरियों ने अपनी-अपनी अपेक्षाएं साझा की. साथ ही ‘नेता कौन हैं और एक अच्छे नेता के गुण’ विषय पर चर्चा हुई. इसके अतिरिक्त रूढि़वादी सोच को चुनौती देने हेतु ग्रुप गतिविधि आयोजित की गई. किशोरियों ने विश्व की प्रसिद्ध महिला नेताओं की जीवन यात्रा से प्रेरणा ली. ‘अवसर और बाधा’ सत्र में केस स्टडी के माध्यम से वेतन असमानता, घरेलू और व्यावसायिक दोहरी जिम्मेदारी तथा शिक्षा तक पहुंच में लड़कियों के सामने आनेवाली चुनौतियों पर भी चर्चा हुई.
जेंडर व यौनिकता की अवधारना पर सत्र
दूसरे दिन की शुरुआत सुबह शारीरिक व्यायाम से हुई. इसके बाद जेंडर और यौनिकता की अवधारणा पर सत्र आयोजित हुई. किशोरियों ने समाज द्वारा स्वीकृत और अस्वीकृत महिलाओं की भूमिकाओं पर अखबारों से तस्वीरें चुनकर विश्लेषण किया. प्रभावी संचार सत्र में खेल-खेल गतिविधियों के ज़रिये यह समझाया गया कि संदेश कितना स्पष्ट और सरल होना चाहिए. जोड़ी गतिविधि में प्रतिभागियों ने साथी के बताए निर्देशों के आधार पर चित्र बनाकर सुनने और समझने की कला सीखी.
