साढ़े 3 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में विधानसभा में आया जवाब
जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत मानगो नगर निगम की 3 करोड़ 62 लाख 35 हजार 250 रुपये की छह योजनाओं को स्वीकृति मिल गई है. यह स्वीकृति बीते कल 24 फरवरी को मिली. इसकी जानकारी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के तारांकित प्रश्न के उत्तर में दी गई.
बुधवार को विधानसभा में सरयू राय ने अपने तारांकित प्रश्न के माध्यम से यह मुद्दा उठाया और कहा कि इन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दिलाने के लिए वह प्रयासरत थे. ये योजनाएं अप्रैल 2025 से लंबित थीं. उन्होंने कहा कि ये योजनाएं पिछले 10 महीनों से प्रशासनिक स्वीकृति की प्रतीक्षा में लंबित हैं, जबकि इन योजनाओं पर राज्य सरकार के खजाने से एक धेला भी खर्च नहीं होनेवाला है. इनके लिए निधि मानगो नगर निगम के पास संरक्षित है.
सरयू राय ने कहा कि इन योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति हेतु अप्रैल 2025 से अबतक वह तीन बार विभागीय मंत्री एवं तीन बार विभागीय सचिव से सम्पर्क कर चुके हैं. ऐसा लगता है कि नगर विकास विभाग की कार्य-संस्कृति में कोई खोट है अन्यथा किस कारण से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने में इतनी देर हुई? इन योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति एक साल पहले ही मिल चुकी है.
इस पर विभागीय मंत्री ने सदन में उत्तर दिया कि इन छह योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति उन्होंने दे दी है. इस पर सरयू राय ने कहा कि यदि यह प्रश्न उन्होंने विधानसभा में नहीं उठाया होता तो शायद प्रशासनिक स्वीकृति देने में नगर विकास विभाग के स्तर से पता नहीं और कितना समय लगता. आज विधानसभा में प्रश्न आया और कल शाम को सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति दे दी.
● इन योजनाओं को मिली प्रशासनिक स्वीकृति
- वार्ड नं. 9 जवाहर नगर रोड नं. 6 कुटकुटडुंगरी में पप्पू दास के घर से उलिडीह खनका तक आरसीसी नाली निर्माण. लागत 71,92,550 रु.
2 . वार्ड नं. 9 उलिडीह में मिथिलेश के घर से डिमना मेन रोड तक तथा अन्य क्रास रोड में आरसीसी नाली निर्माण. लागत 35,55,600 रु.
3 . वार्ड नं.-9 सिंह जी के घर से दरभंगा डेयरी डिमना मेन रोड तक आरसीसी नाली निर्माण. लागत 71,45,500रु.
4 . वार्ड नं. 9 रामकृष्ण कालोनी से कंचन गैस एजेंसी तक आरसीसी नाली का निर्माण. लागत 68,72,250 रु.
5 . वार्ड नं. 10 मून सिटी के पास वृद्ध नागरिकों के लिए शेल्टर होम का निर्माण . लागत 28,13,450 रु. - मानगो नगर निगम कार्यालय भवन के समीप जी 2 भवन का निर्माण. लागत 86,55,900 रु.
कुल 3,62,35,250 रु.
