March 29, 2026

साहिबजादों का बलिदान देश, धर्म और आस्था के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक

IMG-20251226-WA0008

भाजपा कार्यालय में मना वीर बाल दिवस, शामिल हुईं गीता कोड़ा व आरएसएस के रविन्द्र जी

hemkund-public-school

जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के बलिदान की स्मृति में श्रद्धापूर्वक वीर बाल दिवस मनाया गया. पार्टी के साकची कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत साहिबजादों के तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई. ततपश्चात, साहिबजादों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन कर गोष्ठी की शुरुआत की गयी. प्रदर्शनी में साहिबजादों के जीवन, संघर्ष और बलिदान को चित्रों, जानकारी और ऐतिहासिक तथ्यों के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद गीता कोड़ा एवं मुख्य वक्ता के रूप में आरएसएस के महानगर कार्यवाह रविन्द्र जी मौजूद रहे.
मौके पर गीता कोड़ा ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान देश, धर्म और आस्था के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है. मात्र 9 और 7 वर्ष की आयु में साहिबजादों ने मुगल शासक की प्रताडऩा के आगे झुकने के बजाय अपने प्राणों का बलिदान दिया, जो आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है. वीर बाल दिवस भारत की आत्मा से जुड़ा दिवस है. उन्होंने युवाओं से साहिबजादों के जीवन और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया. आरएसएस के रविन्द्र जी ने कहा कि नवाब वज़ीर खान द्वारा आस्था बदलने के दबाव के बावजूद साहिबजादों ने धर्म और सच्चाई का मार्ग नहीं छोड़ा. ऐसे वीर बालकों को जन्म देनेवाली माता गुजरी श्रद्धा की पात्र हैं. इस अवसर पर मनोज सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, जटाशंकर पांडेय, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, विजय तिवारी, चिंटू सिंह, प्रेम झा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजीव सिंह, संचालन अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन रॉकी सिंह ने किया.

You may have missed