साहिबजादों की शहीदी को समर्पित बैडमिंटन ‘डबल्स’ प्रतियोगिता 25–26 को
● सिख समुदाय के सभी आयु वर्गों के लिए खुला आयोजन
जमशेदपुर : आगामी शहीदी सप्ताह के दौरान चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की सर्वोच्च बलिदान को समर्पित बैडमिंटन ‘डबल्स’ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता 25–26 दिसंबर को साकची के गुरुनानक उच्च विद्यालय के प्रांगण में आयोजित होगी. बहादर खालसा गतका ग्रुप साकची और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची के संयुक्त तत्वाधान में शहीदी बैडमिंटन टूर्नामेंट में केवल सिख ही भाग ले सकते हैं. यह टूर्नामेंट सिख समुदाय की खेल भावना को मजबूत करने और युवाओं को धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का एक प्रयास है. प्रतियोगिता में बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं (बीबियां) सभी उत्साहपूर्वक भाग ले सकते हैं. आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य गुरप्रीत सिंह प्रिंस ने बताया कि यह टूर्नामेंट चारों साहिबजादों की अमर शहीदी को समर्पित है. प्रतियोगिता डबल्स और मिक्स्ड डबल्स फॉर्मेट में खेली जाएगी। विभिन्न आयु वर्गों को ध्यान में रखते हुए श्रेणियां निर्धारित की गई हैं: सब जूनियर : 17 वर्ष से कम आयु, जूनियर: 18 से 22 वर्ष, सीनियर: 23 से 39 वर्ष, मास्टर: 40 वर्ष से अधिक. प्रवेश शुल्क मात्र 100 रुपये रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें. प्रतिभागियों को अपना रैकेट (बैडमिंटन) स्वयं लाना होगा जबकि शटल कॉर्क आयोजन समिति द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. इच्छुक खिलाड़ी 24 दिसंबर तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं. मनमीत सिंह बताया कि जिस खिलाड़ी को भी पंजीयन प्रपत्र लेना हो वे गुरुनानक हाई स्कूल, साकची में शाम 5.30 बजे से 7.30 बजे तक प्राप्त कर सकते हैं. अधिक जानकारी व पंजीकरण हेतु 8709918275, 7004402559 पर संपर्क कर सकते हैं.
