साकची में उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम का शुभारंभ
युवाओं को कंप्यूटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग एवं साइबर सिक्यूरिटी का मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
जमशेदपुर : सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), रांची की ओर से आज ई डिजिटल इंडिया साकची में उद्यमिता सह कौशल विकास कार्यक्रम (ईएसडीपी) का शुभारंभ हुआ. छह सप्ताह का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम है जिसमें 25 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं. प्रतिभागियों को कंप्यूटर हार्डवेयर, नेटवर्किंग एवं साइबर सिक्यूरिटी विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. र्ई-डिजिटल इंडिया के निदेशक श्री रामकृष्ण ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन दिया जबकि सुरेंद्र शर्मा, सहायक निदेशक (आईईडीएस), एमएसएमई विकास कार्यालय, रांची एवं शंकर लाल मीना, सहायक निदेशक (आईईडीएस) ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
तत्पश्चात बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर चंद्रकांत ने उद्यमियों के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं की जानकारी दी. सुरेंद्र शर्मा ने एमएसएमई की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा ऐसे कौशल विकास कार्यक्रमों के लाभ बताते हुए प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उद्यमिता एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को रेखांकित किया. शंकर लाल मीना ने डीसी एमएसएमई कार्यालय की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया तथा स्व उद्यमिता के लाभों पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया.

