February 26, 2026

साकची से जुगसलाई तक शुक्रवार को निकलेगी श्री श्याम निशान यात्रा

IMG-20260225-WA0012

● बाबा श्याम के जयकारों के साथ शामिल होंगे 3000 श्रद्धालु

जमशेदपुर : धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री श्याम रात्रि ग्यारस निशान यात्रा के तत्वावधान में श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन 27 फरवरी (शुक्रवार) को शाम 7 बजे से किया जाएगा. ज्ञात हो कि श्याम भक्तों द्वारा हर माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी को यह निशान यात्रा निकाली जाती है. यह निशान यात्रा साकची शिव मंदिर से प्रारंभ होकर साकची एवं बिष्टुपुर की मुख्य सड़क का भ्रमण करते हुए जुगसलाई बैकुंठ धाम मंदिर में पहुंचकर सम्पन्न होगी. उक्त जानकारी समिति के अनिल मोदी, विमल अग्रवाल, अनिल खंडेलवाल एवं अन्य ने बिष्टुपुर चैम्बर भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी.
उन्होंने बताया कि इस यात्रा में लगभग 3000 महिला एवं पुरुष श्रद्धालु अपने हाथों में पवित्र निशान लेकर बाबा श्याम के जयकारों के साथ शामिल होंगे. यात्रा के पूर्व पुरोहितों द्वारा पूरी आस्था एवं धार्मिक मान्यताओं के साथ सभी निशान की पूजा की जाएगी. यात्रा के लिए बाबा श्याम का विशेष चलंत दरबार आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा. यात्रा की विशेषता यह भी होगी कि एक चलंत वाहन यात्रा के साथ चलेगा, जिसमें श्याम भजन गायक भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे. यात्रा के दौरान बाबा श्याम को छप्पन भोग एवं छत्तीस प्रकार के व्यंजनों का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा, जिसे बाद में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा. श्याम भक्त पूरे रस्ते बाबा श्याम से फूलों एवं इत्र से होली खेलते हुए चलेंगे.
उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय महोत्सव 26 फरवरी को मेहंदी उत्सव के साथ प्रारंभ होगा, जिसमें मंडल की महिलाएं अपने हाथों में बाबा श्याम के नाम की मेहंदी रचाकर अपनी आस्था प्रकट करेंगी. इसके पश्चात 27 फरवरी को भव्य निशान यात्रा एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का समापन होगा. श्याम भक्तों की सुविधा के लिए समिति ने विभिन्न स्थानों पर निशान कूपन वितरण केंद्र स्थापित किए हैं. कार्यक्रम के आयोजन में अनिल मोदी, विमल अग्रवाल, अनिल खंडेलवाल, रतन मैंगोटिया, गौरव खंडेलवाल, नितेश अग्रवाल, हैप्पी धानुका, विष्णु जगनानी, हितेश पारीक, सुनील खंडेलवाल, संदीप अग्रवाल, पंकज चौधरी, अमित संघी, रोहित खंडेलवाल, मनोज मोदी, मनीष कसेरा, अरविंद मोदी, अमित अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, संकटा सिंह, मोहन पटवारी, विक्की अग्रवाल, नीरज भूत, अमित पोद्दार, अनिल गुप्ता एवं अन्य शामिल है.