April 8, 2026

Saraikela Kharsawan DISHA Baithak : लापरवाही बरतनेवाले संवेदकों को ‘ब्लैकलिस्ट’ करने की प्रक्रिया शुरु करें

IMG-20260408-WA0011

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री की अध्यक्षता में ‘दिशा’ की बैठक, विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

सरायकेला-खरसावां : जिला समाहरणालय सभागार में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई. बैठक में सांसद (खूंटी लोकसभा क्षेत्र) कालीचरण मुंडा, सांसद (सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र) जोबा मांझी, विधायकगण, मेयर, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, जिला वन प्रमण्डल पदाधिकारी सबा आलम, जिला परिषद अध्यक्ष, मेयर नगर निगम आदित्यपुर, अध्यक्ष नगर पंचायत सरायकेला, अध्यक्ष नगर परिषद कपाली, उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे. बैठक के दौरान विभिन्न विभागों अंतर्गत संचालित योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई तथा पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई. मंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं पथ निर्माण विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी लंबित एवं धीमी प्रगतिवाली योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए.
विद्युत आपूर्ति के संदर्भ में जर्जर तार एवं खंभों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही खराब चापाकलों एवं जलापूर्ति योजनाओं की शीघ्र मरम्मत, प्रत्येक घर तक नल-जल योजना का विस्तार करने को कहा गया. इस दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना सहित अन्य लंबित कार्यों में तेजी लाने, खराब सडक़ों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतनेवाले संवेदकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया.

hemkund-public-school

कचरा डंपिंग हेतु अस्थायी व्यवस्था करने का निर्देश

समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में सभी प्रखंडों में संचालित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खिलौना बैंक संचालन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए. नगर विकास विभाग की समीक्षा के क्रम में शहरी क्षेत्रों में नियमित कचरा उठाव, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा प्लास्टिक एवं थर्माकोल के दुष्प्रभाव के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में कचरा डंपिंग हेतु अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (वेस्ट मैनेजमेंट) इकाइयों का यथाशीघ्र संचालन प्रारंभ करने पर बल दिया गया.

बच्चों को कराएं महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण

मंत्री ने निर्देश दिया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को संसद भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए, जिससे उन्हें लोकतंत्र, देश की धरोहर एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त हो सके. उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए.

You may have missed