March 26, 2026

सभी लैंपस में धान बेचने व खरीदने हेतु किसानों को करें प्रेरित

IMG-20260325-WA0009

उपायुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक, दिए दिशा निर्देश

hemkund-public-school

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक हुई, जिसमे डाकिया योजना अंतर्गत पीवीटीजी परिवार हेतु राशन वितरण, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत राशन वितरण की स्थिति, लंबित कार्ड निर्गमन, डोर स्टेप डिलेवरी की प्रगति, बैकलॉग वितरण, नमक वितरण योजना तथा मुख्यमंत्री चना-दाल वितरण, धान अधिप्राप्ति योजना तथा सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में अनाज वितरण और सत्यापन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि किसी भी स्तर पर राशन कार्डधारियों की हकमारी न हो यह सुनिश्चित किया जाय. साथ ही सरकार के निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप अयोग्य राशन कार्ड धारकों का नाम हटाने और पात्र लाभुकों को शामिल करने के लिए सत्यापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया.
बैठक में सभी पदाधिकारियों को समय पर अनाज वितरण सुनिश्चित करने और अनाज वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु औचक निरीक्षण करते हुए सही मात्रा तथा निर्धारित समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया. धान अधिप्राप्ति योजना के तहत सभी लैंपस में धान बेचने व खरीद हेतु किसानों को प्रेरित करने तथा विभागीय लक्ष्यों को प्राप्त करने का निर्देश दिया. इसके अलावे पीजीएमएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों एवं ईआरसीएमएस के अंतर्गत डीएसओ एवं बीएसओ स्तर पर लंबित आवेदनों की भी समीक्षा करते हुए ससमय लंबित आवेदनों को निष्पादित करने का निर्देश दिया गया. पदाधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए. बैठक में एडीएम एसओआर राहुल जी आनंद जी, सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो सहित संबंधित पणन पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे.