बहरागोड़ा में मिले मिसाइल डिफ्यूज, लोगों ने ली राहत की सांस
जमशेदपुर : बहरागोड़ा के लोगों ने आज उस वक़्त राहत की सांस ली जब भारतीय सेना की विशेषज्ञ टीम ने स्वर्णरेखा नदी किनारे कुछ दिन पूर्व बरामद मिसाइल को नष्ट (डिफ्यूज) कर दिया. बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपाड़ा नागुडसाई इलाके से बरामद बम को सेना की बम निरोधक विशेषज्ञ टीम ने आज निष्क्रिय कर दिया. घंटों की मशक्कत के बाद इस ऑपरेशन को संपन्न किया गया. पूरे ऑपरेशन के दौरान प्रशासन और सुरक्षा बलों ने सतर्कता के साथ काम किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने घटना स्थल के आसपास के इलाके को खाली करा दिया था. आम लोगों की आवाजाही को भी प्रतिबंधित कर दिया गया था. अग्निशमन विभाग के साथ एनडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया था.
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के निर्देशों का पालन किया, जिससे बम निष्क्रिय करने का ऑपरेशन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक पूरा हो सका. बताया यह भी जा रहा है कि ये बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय के थे और काफी भारी-भरकम थे. वजन 227 किलो था. यदि समय रहते इन्हें निष्क्रिय नहीं किया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था. सेना और प्रशासन की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई.
