सभी स्कूल-कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखें
● उपायुक्त की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक,
● ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर देने की अपील
जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार, जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति की बैठक हुई, जिसमे एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चंद्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, डीएसपी भोला प्रसाद, ड्रग्स इंस्पेक्टर समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे.
बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा एवं जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन को रोकने के लिए चल रहे विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि सभी निजी एवं सरकारी विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में यह सुनिश्चित करें कि नशापान की वस्तुओं की बिक्री न हो. उन्होने अभियान चलाते हुए स्कूली बच्चों को जागरूक करने तथा ठेला-गुमटी में सिगरेट या अन्य नशापान के वस्तुओं की बिक्री को हतोत्साहित करने के निर्देश दिए. उन्होने कहा कि नशे के कारोबार करनेवालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए निरंतर अभियान चलाये. बैठक में सभी स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के आसपास विशेष निगरानी रखने की बात कही गई.
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि इंटेलिजेंस को मजबूत करें और नशा कारोबारियों को विरूद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें, कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति नहीं हो, पूरे नेटवर्क को खंगाले, ड्रग पेडलर के पूरे चेन के तह तक जाएं. बैठक में पुलिस, उत्पाद, ड्रग्स इंस्पेक्टर एवं अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अभिभावकों और युवाओं को नशे से होने वाले नुकसान और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने की बात कही गई. साथ ही जनसाधारण से अपील की गई कि ड्रग्स के अवैध व्यापार, सेवन, परिवहन की सूचना टोल फ्री नंबर 112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 0657-2431028 पर जरूर दें. बैठक में जिला के वरीय पदाधिकारियों के अलावे शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निकायों के पदाधिकारी समेत ड्रग इंस्पेक्टर व अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे.
