सीसीटीवी कैमरों से होगी व्यवहार न्यायालय व मुख्य सडक़ की निगरानी
पीडीजे, डीसी व एसपी ने व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सीसीआर में होगी फीडिंग, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी करेंगे सतत मॉनिटरिंग
बोकारो : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) अनिल कुमार मिश्रा, उपायुक्त अजय नाथ झा तथा पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने संयुक्त रूप से व्यवहार न्यायालय, बोकारो की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान न्यायालय परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. निरीक्षण के क्रम में न्यायालय मुख्य प्रवेश द्वार तथा आसपास के मुख्य मार्गों पर तत्काल सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि व्यवहार न्यायालय परिसर तथा मुख्य सडक़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी. सभी कैमरों की फीड जिला समेकित नियंत्रण कक्ष (सीसीआर) में उपलब्ध रहेगी, जहां से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी.
सुरक्षा व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी द्वारा समेकित नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी. अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में तैनात पुलिस जवानों को निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में आनेवाले अधिवक्ताओं, वादियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
