शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ी‚ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे दिल्ली

Oplus_16908288
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक शिबू सोरेन की तबीयत अचानक शुक्रवार को फिर से बिगड़ गई। उन्हें पहले से इलाज के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत में सुधार देखा जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को अचानक स्वास्थ्य फिर गिरावट में चला गया। इसी के मद्देनज़र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आनन-फानन में दिल्ली रवाना हो गए।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को पहले झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में भाग लिया। इसके बाद वह रांची के जगन्नाथपुर स्थित विधायकों के आवास परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे। हालांकि, जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, उन्होंने तुरंत वापसी का निर्णय लिया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए।सूत्रों के अनुसार, शिबू सोरेन की तबीयत में शुक्रवार को अचानक गिरावट आने के बाद डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में है। मुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचने के बाद वे सीधे अस्पताल जाकर परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं। पार्टी और प्रशासनिक सूत्रों से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थिति को गंभीर माना जा रहा है।शिबू सोरेन, जिन्हें गुरूजी के नाम से भी जाना जाता है, झारखंड की राजनीति में बेहद प्रभावशाली व्यक्तित्व माने जाते हैं। उनकी बिगड़ती तबीयत की खबर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है।