सिदगोड़ा टाउन हॉल में राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मार्च को
● उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक, दिए सफल आयोजन के निर्देश
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आगामी 14 मार्च को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने समाहरणालय सभागार में विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत केवल न्यायिक विवादों के निष्पादन का मंच नहीं, बल्कि आम जनता को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को जन-उन्मुख, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया.
बताया कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा चयनित लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा. इसमें सामाजिक सुरक्षा, श्रम, कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, उद्योग, नगर निकाय एवं अन्य विभागों की योजनाओं के लाभ प्रदान किए जाएंगे. साथ ही परिसर में अलग-अलग विभागों द्वारा सूचना स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा लाभ प्राप्ति की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी. मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई भी की जाएगी. उपायुक्त ने व्यापक जनभागीदारी पर जोर देते हुए प्रखंड एवं नगर निकाय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने तथा अधिकाधिक लाभुकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि तथा संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
