समाज के समग्र विकास हेतु महिलाओं को होना होगा जागृत
गायत्री परिवार ने मनाया महिला दिवस व होली मिलन समारोह
जमशेदपुर : गायत्री परिवार टाटानगर के नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इसकी शुरुआत गायत्री महायज्ञ, सामूहिक जप और ध्यान के साथ हुई. कार्यक्रम में ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की प्राचार्या निधि घई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. विशिष्ट अतिथियों में टाटानगर के उपजोन समन्वयक संतोष संगम, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार, योगाचार्य डॉ. लक्ष्मी कुमारी तथा नोभेको विस्टा कंपनी के सीनियर मैनेजर अजय पांडे मौजूद थे. मुख्य अतिथि निधि घई ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति है. शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के माध्यम से महिलाएं समाज में परिवर्तन की अग्रदूत बन सकती हैं. अन्य अतिथियों ने कहा कि जब महिलाएं जागृत और सशक्त होंगी, तभी समाज का समग्र विकास संभव होगा.
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में प्रतिभा बेरी एवं उनकी टोली ने युग संगीत और होली के पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी. इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली और प्रेम, सौहार्द तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया. धन्यवाद ज्ञापन आर पी शर्मा ने किया. आयोजन को सफल बनाने में नवयुग दल युवा प्रकोष्ठ एवं प्रज्ञा महिला मंडल के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
