समाज को मजबूत बनाने में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान
टेल्को चर्च में महिला दिवस समारोह, विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची मातृशक्ति
जमशेदपुर : टेल्को चर्च में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह मनाया गया, जिसका आयोजन जमशेदपुर रोमन कैथोलिक डायसिस के अंतर्गत डीनरी कैथोलिक महिला संघ द्वारा किया गया. इस अवसर पर डायसिस के विभिन्न पल्लियों से लगभग 800 महिलाओं ने भाग लिया. कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र मिस्सा (होली मास) से हुई, जिसे जमशेदपुर रोमन कैथोलिक डायसिस के बिशप टेलिसफोर बिलुंग ने सम्पन्न कराया. अपने संदेश में बिशप ने परिवारों, पल्लियों और समाज को मजबूत बनाने में महिलाओं के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की. उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित किया कि वे समर्पण, प्रतिबद्धता और विश्वास के साथ कलीसिया की सेवा करती रहें.
मिस्सा के बाद एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. भिलाई पहाड़ी से आए फादर डेविड विंसेंट ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया. उन्होंने विश्वास से परिपूर्ण और सशक्त समुदाय के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला. उन्होंने महिलाओं को एकजुट, आत्मविश्वासी और कलीसिया तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया. महिलाओं ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, गीत और नृत्य भी प्रस्तुत किए. समारोह में फ़ादर डेविड विंसेंट, फ़ादर वालेरियन लोबो, फ़ादर एल्विन और फ़ादर जेरी डिसूज़ा उपस्थित थे.
