March 19, 2026

सरहुल पर शनिवार को सीतारामडेरा से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

IMG-20260319-WA0002

आदिवासी-मूलवासी समुदाय के हज़ारों लोग पारंपरिक परिधान व वाद्य यंत्र के साथ होंगे शामिल

जमशेदपुर : सरहुल पूजा शोभायात्रा की जानकारी देते हुए लाइसेंसी सुखराम लकड़ा ने बताया कि चैत्र मास शुक्ल पक्ष (तृतीया) सरहुल पूजा के अवसर पर केन्द्रीय सरहुल पूजा समिति द्वारा 21 मार्च को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमे आदिवासी एवं मूलवासी समुदाय के उराँव, हो, मुंडा, मुखी, भुइयाँ, लोहरा, तुरी एवं अन्य जनजाति समुदाय के महिला-पुरूष, बच्चे बच्चियाँ अपने पारंपरिक परिधान एवं वाद्य यंत्रों के साथ शामिल होकर अपनी सांस्कृतिक सभ्यता एवं एकता का परिचय देंगे.
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केन्द्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली ने बताया की इस वर्ष केन्द्रीय सरहुल पूजा समिति की ओर से शोभायात्रा में बेस्ट ड्रेस कोड और बेस्ट अनुशासन का पुरस्कार दिया जायगा. शोभायात्रा शाम 3:30 बजे पुराना सीतरामडेरा से प्रारम्भ होकर लाको बोदरा चौक, एग्रिको लाइट सिग्नल, भालुवासा चौक, रामलीला मैदान, साकची गोलचक्कर, बसंत टॉकीज़, टूईलाडूंगरी, गोलमुरी होकर सीतारामडेरा समापन होगा. श्री लकड़ा ने सभी से अपने पारम्परिक परिधान में शामिल होने की अपील की.
राकेश उरांव ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है. शोभायात्रा मार्ग पर सरना झंडा एवं तोरण द्वार भी लगाया जायेगा. साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा के आदमकद प्रतिमा एवं सीतारामडेरा स्थित ओत गुरु कोल लाको बोदरा तथा बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा में आकर्षक विद्युत सज्जा भी की जाएगी.
सभी पूजा स्थलों का रंगरोहण एवं साफ सफाई की जा चुकी है सभी पूजा स्थलों पर सुबह से ही आदिवासी परम्परा के अनुसार पूजा की जाएगी. हो समाज के राजेश कांडयोंग ने सभी समाज के विभिन्न शाखाओं के लोग सीतारामडेरा में एकत्रित होकर निर्धारित शोभायात्रा मार्ग पर चलेंगे जिसमें विभिन्न समाज के वाद्ययंत्र, नृत्य शैली एवं परिधान आकर्षक का केन्द्र होगा प्रकृति को संरक्षित करते हुए झाकियां भी इस शोभायात्रा में रहेंगे.
मुंडा समाज के नंदलाल पातर ने बताया कि शोभायात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व दोपहर 3 बजे सीतारामडेरा में केन्द्रीय सरहुल पूजा समिति द्वारा शहर के बुद्धिजीवी, समाजसेवी, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं विभिन्न राजनीति दल के जनप्रतिनिधि को पारंपरिक रूप से सम्मानित किया जाएगा. संवाददाता सम्मेलन में सुखराम लकड़ा, राकेश उरांव, नंदलाल पातर, संतोष राजेश कांडयांग, सुरा बिरुली, शालू लकड़ा, संतोष लकड़ा, बुधराम खालको, लखींद्र लकड़ा, दुर्गमानी बोईपाई, शम्भु मुखी, उपेन्द्र बानरा, किशोर लकड़ा, राजन कुजूर, रवि सवैया, बुद्धू खालको, सोमा कोया, रामू तिर्की, बबलू खालको, नीतू कालिंदी,काजू साडील, लालमोहन जमुदा, बाबू नाग, संजय मुंडा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.