सरकारी जमीन को अपना बता स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण रोका
दक्षिण हलुदबनी के निवासी पार्षद कुसुम पूर्ति के नेतृत्व में उपायुक्त से की शिकायत
जमशेदपुर : दक्षिण हलुदबनी पंचायत में एक उप स्वास्थ्य केंद्र और धुमकुडिय़ा भवन के निर्माण को लेकर आज एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने जानकारी दी कि एक उप स्वास्थ्य केन्द्र और धुमकुडिय़ा भवन का निर्माण के लिए काफी पहले ही शिलान्यास हो गया लेकिन संवेदक द्वारा कार्य प्रारंभ नहीं किया जा रहा है. संवेदक को पूछने पर उनका कहना है कि उसे काम नहीं करने दिया जा रहा है.
उपायुक्त से ग्रामीणों ने मांग की कि वहां उप स्वास्थ्य केन्द्र और धुमकुडिय़ा भवन का निर्माण कराया जाय. स्थानीय एक दबंग व्यक्ति द्वारा उस स्थान को जबरन अपना बताया जा रहा है जो कि गलत है. उक्त भूखंड सरकारी है, जिसे अंचल अधिकारी द्वारा भी स्पष्ट कर दिया गया है. इसके बावजूद उक्त दबंग व्यक्ति द्वारा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाया जा रहा है. उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी एवं सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा. वहां हर हाल में उप स्वास्थ्य केन्द्र और धुमकुडिय़ा भवन का निर्माण कराया जाएगा. प्रतिनिधिमंडल में पार्षद कुसुम पूर्ति, दक्षिण हलुदबनी पंचायत समिति सदस्य सीनी सोय, हातु मुंडा, राम चंद्र तियु, नेपा गागराई, गंगा राम बंडरा, मोसो बिरुवा, लखिंदर कुंकल, रामचंद्र तियु के साथ ही संपूर्ण सावैया और काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे.

