Sri Ram Katha Jamshedpur : टेल्को के श्रीश्री कृष्ण मंदिर में राम कथा का चौथा दिन, भक्तिमय हुआ माहौल
- आचार्य योगेश जी ने विश्वामित्र प्रसंग व अयोध्या कांड का किया भावपूर्ण वर्णन
Jamshedpur/Jharkhand : टेल्को स्थित श्रीश्री भुवनेश्वरी मंदिर परिसर के श्रीश्री कृष्ण मंदिर (भुवन गिरि मंदिर प्रांगण) में आयोजित श्री राम कथा के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर आचार्य योगेश जी (चंदन महाराज) ने विश्वामित्र प्रसंग एवं अयोध्या कांड का विस्तृत और भावपूर्ण वाचन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
भजनों ने बांधा समां, श्रद्धालु हुए राममय
कार्यक्रम में सुमधुर भजनों ने भक्तिमय वातावरण को और प्रगाढ़ बना दिया। विशेष रूप से“राम नाम जप प्यारे, जीवन दो दिन का…” भजन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति की धारा में प्रवाहित कर दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग—सभी एक साथ भक्ति में डूबे नजर आए।
पंचम दिवस पर राम-सीता विवाह और केवट प्रसंग
आचार्य योगेश जी ने जानकारी दी कि बुधवार को कथा के पंचम दिवस पर राम-सीता विवाह, राम वनवास और केवट प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का लाभ लेने का आग्रह किया।
“कथा श्रवण से जीवन होता है धन्य”
श्रद्धालुओं का मानना है कि आचार्य योगेश जी की कथा सुनना मानो भगवान राम के साक्षात दर्शन करने जैसा अनुभव प्रदान करता है। उनके प्रवचन से जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर जय रमन, टीके सुकुमारन, प्रो. (डॉ.) चंद्रेश्वर खान, इंद्रजीत सिंह सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
Also Read : शोभायात्रा रुट से हटाएं निर्माण सामग्री, विसर्जन घाटों का करें सत्यापन
