उपायुक्त की अध्यक्षता में संबंधित प्रशासनिक विभागों व आवश्यक सेवा प्रदाताओं के साथ बैठक
जमशेदपुर : आगामी रामनवमी के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सभी संबंधित प्रशासनिक विभागों एवं आवश्यक सेवा प्रदाताओं के साथ तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक हुई. श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वित एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही विधि-व्यवस्था संधारण, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया. पुलिस प्रशासन को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के सभी जुलूस व शोभायात्रा रूट, विसर्जन घाटों का संयुक्त सत्यापन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिजली के तार, निर्माण सामग्री को हटाने, जगह जगह वैरेकेटिंग करने,, वैकल्पिक प्रकाश की व्यवस्था करने, जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया. बैठक में उपायुक्त के अलावे सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, धालभूम एसडीएम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्णा कुमार, डीटीओ धनंजय, एडीसी संतोष गर्ग, घाटशिला एसडीएम सुनील चंद्र, सिविल सर्जन, नजारत उप समहार्ता, डीसीएलआर घाटशिला व धालभूम, जमशेदपुर व मानगो के बीडीओ एवं सीओ, यांत्रिकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, अग्निशामन, जुस्को, टाटा मोटर्स आदि के पदाधिकारी मौजूद थे.
एम्बुलेंस की तैनाती व वैकल्पिक मार्गों को करें चिन्हित
भीड़ भाड़ नियंत्रण हेतु स्टेज व माईक सेट की व्यवस्था सहित सुरक्षा के दृष्टिकोण से फ्लैग मार्च करने, जुलूस मार्ग की ड्रोन व वीडियो कैमरा से निगरानी करने, जुलूस के दिन शराबबंदी घोषणा तथा शहर में भारी व व्यवसायिक वाहनों की नो-इंट्री की सूचना प्रकाशित कराने का निर्देश दिया गया. आपातकालीन सेवाओं के तहत रणनीतिक जगहों को चिन्हित कर चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करते हुए सरकारी व निजी एम्बुलेंस की तैनाती, वैकल्पिक मार्गो को चिन्हित करने, अग्निशामक वाहन, क्रेन-टोचन वाहन की तैनाती कराने हेतु संबंधितों को निर्देश दिया गया.
एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने का निर्देश
अखड़ा समिति व श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा गया. अखाड़ा समितियों से समन्वय कर भीड़ भाड़ नियंत्रण हेतु वोलेटिंयर रखने निर्धारित मानक के अनुसार झंडा की उंचाई का अनुपालन कराने, एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराने हेतु पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया.