February 11, 2026

सुबोध कुमार व शिल्पा अमीन को गोल्फर ऑफ द ईयर’ का खिताब

IMG-20260119-WA0000

स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट का समापन, अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कृत हुए खिलाड़ी

जमशेदपुर : स्टील सिटी के प्रतिष्ठित खेल 75वां स्टील सिटी प्लेटिनम जुबिली गोल्फ टूर्नामेंट रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ. गोलमुरी और बेल्डीह गोल्फ कोर्स पर आयोजित इस टूर्नामेंट में जमशेदपुर सहित अन्य शहर से आए गोल्फ खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया. समापन समारोह में टूर्नामेंट से जुड़े कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिनमें जमशेदपुर गोल्फ के कप्तान एवं टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डी बी सुंदर रमम, जेसीएपीसीपीएल के प्रबंध निदेशक अभिजीत अविनाश नानोटी, डेज़ी ईरानी और टाटा स्टील की पूर्व वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी) संजीव पॉल शामिल हुए. सभी अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया.
समापन समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं की घोषणा की गई, जिसने टूर्नामेंट की कड़ी प्रतिस्पर्धा और उच्च स्तरीय खेल को दर्शाया. ऑन-कोर्स प्रतियोगिताओं में गोल कोर्स के होल नंबर-1 पर रवि खंडेलवाल ने 4 फीट 8 इंच के साथ ‘क्लोजेस्ट टू द पिन’ का पुरस्कार जीता. होल नंबर-4 पर धीर दत्ता ने ‘स्ट्रेटेस्ट ड्राइव’ और बेल्डीह के होल नंबर-12 पर नवतेज सिंह ने 299 गज की शानदार ड्राइव के साथ ‘लॉन्गेस्ट ड्राइव’ का खिताब अपने नाम किया.
इसके श्रेणीगत पुरस्कारों में 25-36 हैंडीकैप वर्ग में दीपक सहाय, 19-24 वर्ग में अमित गर्ग, 15-18 वर्ग में बिपिन पटेल, 10-14 वर्ग में बिरेन कुमार और 0-9 वर्ग में निखिल अडेसरा ने सर्वश्रेष्ठ ग्रॉस पुरस्कार जीते. वेटरन्स ट्रॉफी प्रशांत मौर्य ने नेट 71 के साथ अपने नाम की. वहीं अनिल तिवारी को नेट 70 के साथ सर्वश्रेष्ठ आउटस्टेशन गोल्फर और डॉ. संजय पांडा को नेट 69 के साथ सर्वश्रेष्ठ स्थानीय गोल्फर घोषित किया गया.
70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के खिलाडिय़ों के लिए आयोजित सीनियर्स ट्रॉफी (9-होल स्टेबलफोर्ड) में बाल कृष्ण वडेरा ने विजेता का खिताब जीता, जबकि ए एम मिश्रा उपविजेता रहे. चैंपियनशिप में रांची के कर्नल एम के सिंह ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि निशांत झा उपविजेता बने. नोरा हेली कप में माया चौधरी ने जीत दर्ज की, मंजू मिश्रा उपविजेता रहीं और हेतल अडेसरा ने सर्वश्रेष्ठ ग्रॉस पुरस्कार जीता.
कुल मिलाकर विजेता वर्ग में निशांत झा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ विजेता का खिताब जीता. आर. गणेशन उपविजेता रहे. समारोह में वर्ष के सर्वश्रेष्ठ गोल्फर पुरस्कारों की भी घोषणा की गई. महिला वर्ग में शिल्पा अमीन को गोल्फर ऑफ द ईयर चुना गया, जबकि पुरुष वर्ग में सुबोध कुमार ने यह सम्मान प्राप्त किया.