स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा व सामाजिक सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की समीक्षा
आकांक्षी जिला के केन्द्रीय प्रभारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का किया अवलोकन
जमशेदपुर : भारत सरकार के संयुक्त सचिव एवं आकांक्षी जिला पूर्वी सिंहभूम के केन्द्रीय प्रभारी महावीर प्रसाद अपने तीन दिवसीय जिला प्रवास के दूसरे दिन विभिन्न परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए. मौके पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, बीडीओ सह सीओ मुसाबनी पवन कुमार व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. इस क्रम में वे साकची स्थित जेल चौक के मॉडल वैक्सीनेशन सेंटर में संयुक्त सचिव ने कार्यप्रणाली, उपयोगिता, सेवाओं की गुणवत्ता एवं फुटफॉल की जानकारी ली. उन्होंने टीकाकरण सेवाओं को और अधिक सुलभ व प्रभावी बनाने हेतु सुझाव भी दिए.
महिला विश्वविद्यालय, बिष्टुपुर परिसर में उन्होंने छात्राओं से मिलकर मिशन उत्थान के तहत पीवीटीजी सबर समुदाय पर किए गए सर्वे के अनुभव सुने. सर्वे में शामिल 99 छात्राओं को इंटर्नशिप सर्टिफिकेट वितरित भी किया. जिला प्रशासन की ओर से डिस्ट्रिक्ट लीड, पिरामल फाउंडेशन, अभिषेक कुमार ने सर्वे की प्रस्तुति दी. प्रेजेंटेशन में बताया गया सभी 11 प्रखंडों के 4000 सबर परिवारों तक पहुंच बनाई गई. कुल 11576 लोगों को सर्वे में कवर किया गया. उपायुक्त ने बताया कि बेसलाइन सर्वे के आधार पर सभी बीडीओ को 3 माह के भीतर लक्षित सुधार लाने का निर्देश दिया गया है. तत्पश्चात मिडलाइन एवं एंडलाइन सर्वे भी संचालित किए जाएंगे.
मुसाबनी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचे प्रभारी
उन्होंने मुसाबनी प्रखंड के माटिगोड़ा पंचायत में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया एवं गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, बच्चों का टीकाकरण, फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली. तत्पश्चात मेडिय़ा पंचायत के नामोपाड़ा गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर बच्चों के अन्नप्राशन, महिलाओं की गोद भराई रस्म में शामिल हुए तथा उचित पोषाहार अपनाने हेतु जागरूक किया. उन्होंने पोषण के 7 मुख्य इंडिकेटर्स, कुपोषित बच्चों की पहचान, उपचार, वजन जांच, फॉलो-अप एवं संपूर्ण देखभाल की व्यवस्था की जानकारी ली.

