Tata Steel News : टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन के ठेका श्रमिकों की पुनर्बहाली का रास्ता साफ
- विधायक पूर्णिमा साहू के हस्तक्षेप के बाद कंपनी प्रबंधन व श्रमिकों के बीच बनी सहमति
Jamshedpur/Jharkhand : जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन में कार्यरत ठेका श्रमिकों की पुनर्बहाली का रास्ता साफ हो गया है। वेंडर बदलने के बाद काम से हटाए गए मुखी समाज के करीब 40 ठेका श्रमिकों को जल्द दोबारा काम पर रखने को लेकर कंपनी प्रबंधन और श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच सहमति बन गई है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के हस्तक्षेप किया था। उसके बाद कंपनी प्रबंधन ने सकारात्मक पहल की और श्रमिकों की समस्या के समाधान का रास्ता निकला।
बिष्टुपुर में हुई प्रबंधन और श्रमिकों की अहम बैठक
शुक्रवार को बिष्टुपुर स्थित टाटा स्टील लीगल सर्विसेज बिल्डिंग में इस मुद्दे को लेकर एक अहम बैठक हुई। बैठक में कंपनी के कॉरपोरेट रिलेशन विभाग के अधिकारी अमित सिंह और ट्यूब डिवीजन की एचआर शुभ्रा सिंह उपस्थित थी। इस दौरान श्रमिकों और मुखी समाज के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से बातचीत की गई।
बैठक में विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी और भाजपा बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष रितेश झा भी उपस्थित थे। इसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि हटाए गए श्रमिकों को जल्द ही पुनः बहाल किया जाएगा।
वेंडर बदलाव के बाद हटाए गए थे श्रमिक
दरअसल, हाल ही में टाटा स्टील ट्यूब डिवीजन के हॉस्पिटैलिटी सर्विस (हाउसकीपिंग) विभाग में वेंडर बदलने की प्रक्रिया के दौरान मुखी समाज से जुड़े करीब 40 ठेका श्रमिकों को काम से हटा दिया गया था। इस फैसले के विरोध में बर्मामाइंस हरिजन बस्ती के श्रमिक मुखी समाज के प्रमुख लोगों और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पोरेश मुखी के नेतृत्व में धरना पर बैठ गए थे।
विधायक के हस्तक्षेप से निकला समाधान
धरना और श्रमिकों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा स्टील के कॉरपोरेट रिलेशन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर श्रमिकों की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने प्रबंधन से श्रमिकों की पुनर्बहाली सुनिश्चित करने की मांग की। इसके बाद कंपनी के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों से मांगपत्र लेकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उसी के तहत शुक्रवार को आयोजित बैठक में सकारात्मक निर्णय लिया गया।
श्रमिकों में खुशी का माहौल
बैठक में समाधान निकलने के बाद श्रमिकों और उनके परिवारों में खुशी और राहत का माहौल देखा गया। सभी श्रमिकों ने विधायक पूर्णिमा साहू और कंपनी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रमिकों का कहना है कि लंबे समय से रोजगार को लेकर बनी अनिश्चितता अब खत्म हो गई है और जल्द काम पर लौटने की उम्मीद है।
Also Read : Jamshedpur BJP News : जमशेदपुर में सात मंडल अध्यक्ष मनोनीत, महानगर कमेटी ने की घोषणा, देखें सूची
