February 11, 2026

टीबी जांच में पॉजिटिव मिले मरीजों का शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करें

IMG-20260128-WA0008

उपायुक्त की अध्यक्षता में राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत समीक्षा बैठक हुई, जिसमे जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा शामिल हुए. बैठक में टीबी रोगियों की पहचान, समयबद्ध जांच, पूर्ण उपचार, पोषण सहयोग एवं जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर समीक्षा की गई. उन्होने ग्रामीण सुदूर क्षेत्रों एवं शहरी स्लम क्षेत्रों में निवास करने वाले वल्नरेबल पापुलेशन का स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने, एक्स-रे एवं बलगम के नमूनों की जांच कराते हुए सभी विवरणों को ससमय पोर्टल पर अपलोड करने को कहा. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जांच में पॉजिटिव पाए गए सभी टीबी मरीजों का शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित किया जाए. साथ ही डिफाल्टर एवं लॉस्ट यो फॉलो अप मरीजों की नियमित ट्रैकिंग एवं होम विजिट की जाए तथा निक्षय पोर्टल पर लोकेशन अपडेट एवं कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की प्रक्रिया निरंतर जारी रखी जाए. बैठक में जिले के स्टेकहोल्डर एवं कॉर्पोरेट संस्थानों के सीएसआर फंड के माध्यम से टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायतों में निक्षय मित्र की संख्या बढ़ाने, पोषण सहयोग हेतु टीबी रोगियों एवं उनके परिवारों को गोद लेने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया.

ज़िले में होगी नोडल टीबी सेंटर की स्थापना

समीक्षा में बताया गया कि जिले के नवनिर्मित भवन एमजीएमसीएच में नोडल डॉ टीबी सेंटर की स्थापना की जानी है. यह भी जानकारी दी गई कि जिले के लिए राज्य यक्ष्मा कार्यालय से 04 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई हैं, जिनके संचालन हेतु 04 एक्स-रे टेक्नीशियन एवं 04 डाटा एंट्री स्टाफ की आवश्यकता है. इसके अलावा मोबाइल वैन के प्रभावी संचालन के लिए लैब टेक्नीशियन-01, एक्स-रे टेक्नीशियन-01, चालक-01, डाटा एंट्री ऑपरेटर-01 एवं सहायक कर्मी-01 की आवश्यकता बताई गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी समेत स्वास्थ्य विभागीय अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.