February 11, 2026

तीन दिवसीय ‘डॉग शो’ 9 से जेआरडी आर्चरी ग्राउंड में

IMG-20260108-WA0002

जमशेदपुर : जमशेदपुर कैनल क्लब की ओर से आगामी 9 से 11 जनवरी तक लगातार तीन दिनों तक भव्य डॉग शो का आयोजन जेआरडी स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स के आर्चरी ग्राउंड में किया जाएगा, जिसमें देशभर से सैकड़ों खूबसूरत और दुर्लभ नस्ल के स्वान हिस्सा लेंगे. कैनल क्लब की अध्यक्ष रूचि नरेन्द्रन ने आयोजन स्थल में आज आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उक्त जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि इस बार 79वां, 80वां और 81वां डॉग शो एक साथ आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में जमशेदपुर कैनल क्लब के 38 स्वान शामिल होंगे, जबकि कुल मिलाकर देशभर से 326 स्वान भाग लेंगे. इस डॉग शो में कुल 43 अलग-अलग डोमेस्टिक और इंटरनेशनल ब्रीड के स्वान दर्शकों को देखने को मिलेंगे.
बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेन्द्रन करेंगे. यह आयोजन न सिर्फ स्वान प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा, बल्कि बच्चों और परिवारों के लिए भी एक यादगार अनुभव साबित होगा. जमशेदपुर में इस तरह का बड़ा डॉग शो शहर की पहचान को भी नई ऊंचाई देगा.
उन्होंने बताया कि क्लब की ओबीडिएंस प्रतियोगिता देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है. इस वर्ष इसमें कुल 39 कुत्ते हिस्सा ले रहे हैं. इनमें से 20 कुत्ते पोस्ट ग्रेजुएट योग्यता के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि 7 कुत्ते साथी कुत्ते मूल्यांकन (चिकित्सकीय एवं सेवा उद्देश्यों में उपयोग होने वाले कुत्ते) के लिए भाग लेंगे. चैम्पियनशिप शो में 326 कुत्ते ‘बेस्ट इन शो’ खिताब के लिए रिंग में उतरेंगे. इस बार कुल 43 विभिन्न नस्लों की भागीदारी दर्ज की गयी है. प्रतियोगिता में कई विदेशी नस्लों के साथ-साथ तिब्बती मास्टिफ, चाउ-चाउ, डोगो अर्जेंटिनो और इंग्लिश सेटर जैसी आकर्षक नस्लें दर्शकों का ध्यान खींचेंगी. आयोजन की एक खास बात भारतीय देसी नस्लों की भागीदारी है. कारवां हाउंड, कोंबाई, मुधोल हाउंड, पश्मी और राजापलायम जैसी नस्लें रिंग में अपनी फुर्ती, बनावट और विशेषताओं का प्रदर्शन करेंगी, जो भारतीय कैनाइन विरासत को मजबूती से सामने लाएंगी. शहर के शीर्ष 8 कुत्तों को प्रथम बेस्ट इन शो से 8वां बेस्ट इन शो तक रैंक कर “जमशेदपुर के सर्वश्रेष्ठ स्थानीय कुत्ते” के रूप में सम्मानित किया जाएगा. साथ ही स्थानीय टैलेंट को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बेस्ट लोकल हैंडलर और रिजर्व बेस्ट हैंडलर का भी चयन किया जाएगा.